कटिहार-बरौनी रेलखंड के सेमापुर रेलवे स्टेशन पर रेल विभाग को करोड़ों रुपये की आमदनी है। वैसे भी इस रेलखंड पर यात्री सुविधा नदारद है। सेमापुर स्टेशन में पेयजल, यात्री शेड, बैठने की बैच, विद्युत, शौचालय आदि सुविधा सहित महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव भी नहीं दिया गया है। जबकि इससे कम राजस्व वाले स्टेशन पर उन गाड़ियों का ठहराव है।
विदित हो कि सोनपुर रेलमंडल के अधीन सेमापुर रेलवे स्टेशन पर माल रैक से 20 करोड़ सालाना, यात्री गाड़ी से 15 लाख रुपया मासिक व पार्सल बुकिंग से 18 हजार मासिक आमदनी रेल विभाग को होती है, लेकिन इस स्टेशन पर महानंदा, आम्रपाली आदि एक्सप्रेस का ठहराव नहीं दिया गया है। जबकि यहां से रोजाना बड़ी संख्या में व्यवसायी व कामगार महानगरों में आवागमन करते हैं। स्थानीय व्यवसायी संजय गुप्ता, रवि कुमार आजाद, रिंकू चौधरी आदि ने रेल विभाग से यात्री सुविधा बहाल करने की मांग की है।