ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

ग्रामीणों ने नहीं खोलने दिया बैंक का ताला

नवगछिया । बिहार क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की परबत्ता शाखा को ग्रामीणों का कोपभाजन बनना पड़ा। शुक्रवार को सैकड़ों ग्रामीण पुरुष एवं महिलाओं ने बैंक नहीं खोलने देने का निर्णय ले रखा था। ग्रामीण समय से पहले ही आकर बैंक के गेट पर जमे थे। जिनकी मांग थी कि बैंक को रोजाना नियमित तरीके से खोला जाए। न कि सप्ताह में महज दो दिन। शाखा प्रबंधक चंद्रशेखर तांती के द्वारा घंटो समझाने के बाद ग्रामीणों ने बैंक का ताला तो खोलने दे दिया, परंतु किसी भी प्रकार का लेन-देन नहीं किया।

मौके पर ग्रामीण दिनेश मंडल, सुनील साह, भुनेश्वर मंडल, तारा देवी, सूधो मंडल, निवास मंडल, सिकंदर साह, गोपाल भगत, अभय पासवान, राकेश कुमार, उर्मिला देवी, आरती कुमारी, रूना देवी, बादल देवी, सुनील जायसवाल, सुकमा देवी, कंचन कुमारी, निधि कुमारी, प्रकाश रविदास, उम्दा देवी, चंपा देवी, कारे लाल, रेखा देवी एवं किरण देवी सहित मुखिया मनोज कुमार मंडल उर्फ महेश फौजी ने कहा कि ऐसा बैंक रहने से क्या फायदा जो सप्ताह में सिर्फ दो दिन (मंगलवार और शुक्रवार) को खुलता है। यहां अधिकतर किसान वर्ग के लोग है। हमें जब जरूरत पड़ती है तब बैंक में ताला लगा मिलता है। इससे अच्छा है कि यह बैंक नहीं रहे। यदि रहे तो रोजाना खुले। बैंक उद्घाटन के समय एक दो माह का समय लिया गया था।

अधिकारियों ने कहा

शाखा प्रबंधक चंद्रशेखर तांती ग्रामीणों की मांग को जायज ठहराते है। बताते है कि यह शाखा गोसाई गांव की विस्तारित शाखा है। जिसे दो दिन ही खोलने की अनुमति प्राप्त है। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक एसके पाठक ने मोबाइल पर बताया कि उक्त शाखा सेटेलाइट शाखा के तहत कार्यरत है। जिसकी पूर्ण शाखा की अनुमति का आवेदन रिजर्व बैंक के पास लगा है। अनुमति मिलते ही सुधार कर दिया जाएगा। ग्रामीणों की मांग से चेयरमैन को भी अवगत करा दिया गया है।