नवगछिया में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने एवं उससे उत्पन्न कटाव के कारण बगजान बांध के अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न हो गया है। इस बांध के कटते ही कोसी नदी का पानी दयालपुर की ओर तेजी से बहने लगेगा। दयालपुर की ओर से यह पानी सीधे नवगछिया तक आ जायेगा। बिहपुर के त्रिमुहान से कुर्सेला तक बने इस तटबंध की विषम स्थिति को देखते हुए अनुमंडल स्थित बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को सूचित कर कार्य कराने को कहा है। यह अलग बात है कि इसकी निगरानी के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी बिहपुर को आदेश भी निर्गत किया गया है। फिर भी परिस्थिति कभी भी प्रतिकूल हो सकती है। इस संभावित खतरे की जानकारी से अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है।