बिहपुर में भी रामनवमी पर निकाली गई शोभायात्रा, गूंज उठा श्रीराम का जयकारा
नव-बिहार समाचार, नवगछिया /बिहपुर। इस बार रामनवमी के अवसर पर शनिवार को रुद्र सेना के तत्वाधान में सोनवर्षा हाईस्कूल के मैदान से दोपहर एक बजे शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मड़वा महंत स्थान चौक, बाबा बज्रलेश्वरनाथ मंदिर परिसर, बिहपुर पश्चिमी रेलवे ढाला होते हुए सोनवर्षा स्थित बड़ी भगवती स्थान परिसर पहुंचकर संपन्न हो गई। इस दौरान प्रभु श्रीराम के गीतों पर श्रद्धालु जमकर झूमते दिखे। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा। शोभायात्रा में रुद्र सेना के संस्थापक सौरव चौधरी, बिट्ट चौधरी, आशुतोष कुमार, अंकित चौधरी, निरंजन साह, विक्की झा, रिक्की झा, विभूति कुमार, रूपेश कुमार रूप, चंद्रकांत चौधरी, कल्याण झा, गोपाल चौधरी, राजेश कुमार, बुलेट व ज्ञानदेव कुमार समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में भगवा वस्त्र धारण कर हाथों में बजरंगी ध्वज लेकर शामिल हुए। इसके बाद भंडारा का आयोजन हुआ। रात करीब आठ बजे से सोनवर्षा बड़ी भगवती स्थान के समीप राजीव कुमार सिंह ने भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं शोभायात्रा निकलने से पहले विधि-व्यवस्था का जायजा लेने एसपी सुशांत कुमार सरोज, एसडीओ उत्तम कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार भी पहुंचे थे।