खास जानकारी: शुगर फ्री आम, बदलता है 16 बार रंग
नेट न्यूज। फलों का राजा कहा जाता है आम। यह भी कहा जाता है कि आम का आम, गुठलियों के भी दाम। फिलहाल सभी जान रहे हैं कि आम का सीजन चल रहा है। देश भर में एक से बढ़कर एक किस्म के आम मिल रहे हैं। जिसका स्वाद भी लोग ले रहे हैं। इस बीच बिहार के मुजफ्फरपुर में किसान भूषण सिंह के बाग का आम चर्चा का विषय बना हआ है। इस आम का शेप, साइज और रंग इतना अलग है कि आने जाने वाले इसे एक बाद रुक कर देखते हैं। इस किसान का दावा है कि यह आम शूगरफ्री है, जिसका नाम है अमेरिकन ब्यूटी। इसे देखने वाले एक बार इसके नये पौधे की मांग जरूर करते हैं।मुजफ्फरपुर जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर पूरब की ओर स्थित मुशहरी गांव के रहने वाले किसान भूषण सिंह ने पश्चिम बंगाल से लाकर यह किस्म अपने बगीचे में लगाया है। करीब छह साल बाद इसमें फल आने लगा। दो सालों से इसमें फल लग रहे हैं। किसान बताते हैं कि इसका मंजर और दाना सामान्य आम की तरह निकलता है। लेकिन शुरू से लेकर पकने तक यह आम 16 बार अपना रंग बदलता है। पकने के समय इसका वजन आधा किलो से ज्यादा हो जाता है। सामान्यतः इसका वजन चार सौ ग्राम होता है। इसके नये पौधे की मांग भी की जा रही है। प्रायः लोग अपने बाग में इसे लगाना चाहते हैं। किसान ने बताया कि नया पौधा तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।