कहलगांव नगर पंचायत क्षेत्र में आज शाम से जलापूर्ति संभव- अजय कुमार मंडल
कहलगांव नगर पंचायत प्रशासन के उदासीन रवैया की वजह से शहर में छठे दिन मंगलवार को भी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल रहा है। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि कुलकुलिया पंप हाउस के खराब मोटर की मरम्मत के लिए भागलपुर भेजा गया है। इधर, मोटर ठीक नहीं होने से 40 हजार से ज्यादा की आबादी पानी के लिए भटक रही है। लोग गंगा नदी, चापाकल और बोतलबंद पानी से काम चलाने को मजबूर हैं। इससे नगर पंचायत प्रशासन के प्रति लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इधर नगर पंचायत के अध्यक्ष अजय कुमार मंडल ने बताया कि मोटर की मरम्मत कर ली गई है। भागलपुर से आने के बाद बुधवार को मोटर लगाया जाएगा। इसके बाद शाम से पानी की आपूर्ति संभव हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वित्तीय वर्ष में स्टैंडबाई के लिए अतिरिक्त मोटर पंप का प्रस्ताव पारित कर लिया गया है। जल्द ही मोटर पंप की खरीदारी भी कर ली जाएगी, ताकि शहर के लोगों को पानी की दिक्कत न हो। बता दें कि कहलगांव विधायक पवन कुमार यादव ने 4 मार्च को जलापूर्ति का मामला विधान सभा में भी उठाया था।
