शिक्षक दिवस पर स्व निर्माण फाउंडेशन एवं टीम होम्स इलेवन ने शिक्षकों को सम्मानित कर विद्यार्थियों को दिया उपहार
नवगछिया। महान शिक्षाविद सह पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती पर स्व निर्माण फाउंडेशन द्वारा शिक्षक दिवस मनाते हुए एक भव्य "शिक्षक एवं विद्यार्थी सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन फाउंडेशन के संस्थापक श्री मुकेश श्रीवास्तव के नेतृत्व एवं बिहार प्रदेश प्रभारी श्री सुनील चौधरी के मार्गदर्शन में रुंगटा बालिका इंटर स्तरीय विद्यालय, नवगछिया तथा मध्य विद्यालय, सकूचा में किया गया। समारोह में रुंगटा बालिका इंटर स्तरीय विद्यालय, नवगछिया एवं मध्य विद्यालय सकूचा के कुल 50 शिक्षकों को उनके शिक्षा एवं समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 50 बच्चों के बीच उपहार वितरित किए गए।
सम्मानित शिक्षकों में डॉ. अखिलेश कुमार, सोनू भगत, शंभु कुमार राय, अशोक कुमार यादव, राजेश कुमार, अमित कुमार, सुजीत कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे। वहीं, उपहार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में निधि कुमारी, सिटी कुमारी, लाडो कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, शालू मिश्रा सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य प्रविंद कुमार यादव, नगर परिषद नवगछिया के अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव तथा विशिष्ट अतिथि बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय के राजेश कानोडिया एवं समाजसेवी विकास कुमार राय रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, महिलाएं, युवा एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्व निर्माण फाउंडेशन एवं टीम होम्स इलेवन के बिहार प्रदेश प्रभारी सुनील चौधरी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य समाज के सशक्त एवं स्वस्थ भविष्य के दो महत्वपूर्ण आधार हैं। इसी सोच के साथ दोनों संस्थाएं सामाजिक जागरूकता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों को आगे भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।