ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

लॉकडाउन: नवगछिया में बेखौफ अपराधियों ने हत्या की दूसरी घटना को दिया अंजाम



नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। पुलिस जिला नवगछिया में लॉकडाउन अवधि के दौरान जहां पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सजग बताया जाता है। वहीं अपराधियों ने इस अवधि के दौरान शुक्रवार को हत्या की दूसरी वारदात को अंजाम दिया है। 
जिसमें इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलाकुंड निवासी बच्ची यादव के 45 वर्षीय बेटे अजय यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही इस्माइलपुर पुलिस ने घटनास्थल से शव को बरामद कर लिया है। बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया है।

वहीं मिली जानकारी के अनुसार लॉक डाउन अवधि के दौरान अपराधियों ने मृतक अजय यादव की पहले लाठी और डंडे से जमकर पिटाई की। इस दौरान उसका हाथ तक तोड़ दिया। जब वह अधमरा हो गया तब उसके शरीर में दो गोलियां दाग कर उसे पूरी तरह से हमेशा के लिए शांत कर दिया। जानकारी के अनुसार अजय यादव को एक गोली सिर में तो दूसरी गोली सीने में मारी गई है। अपराधी फरार होने में सफल रहे हैं। इस्माइलपुर पुलिस परिजन के द्वारा मामला दर्ज किये जाने के बाद अपराधियों की खोज में लग जायेगी।

जबकि लॉकडाउन के दौरान पुलिस जिला नवगछिया में हत्या की पहली वारदात 28 मार्च को नवगछिया आदर्श थाना क्षेत्र के राजेन्द्र कॉलोनी इलाके में हुई थी। जिसमें गोली से घायल युवक गुलशन की मौत 30 मार्च को इलाज के दौरान पटना जाने के क्रम में हो गई थी। इस मामले में नवगछिया पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर लिया है।