ख्वाजा की नगरी अजमेर में एक इंजीनियरिंग स्टूडेंट ने नैनो से भी सस्ती कार बनाई है.
अजमेर के निकटवर्ती गांव सराधना निवासी मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र रवि परोदा ने इस कार को बनाया है. इसकी लागत महज 40 हजार रुपए है. रवि अब इस कार को अब इको फ्रैंडली बनाने के लिए बायो फ्यूल से चलाने के प्रयास में जुटा है.
हर ग्रामीण खरीद सकें कार: झालावाड़ के राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय में पढ़ने वाले मैकेनिकल फोर्थ ईयर का छात्र रवि परोदा किसान परिवार से हैं. पिता गोपाल परोदा सराधना में ग्रामीण डाक सेवक हैं. परिवार के बाकी सदस्य खेती बाड़ी करते हैं. रवि ने बताया कि उसका सपना है कि हर ग्रामीण कार खरीद सके. इसके लिए पुरानी बाइक खरीदकर उसका इंजन मोडिफाइड किया.
50 किमी. का ऐवरेज: रवि ने लोहे की मजबूत चद्दर से कार की बॉडी डिजाइन की आैर पेट्रोल से चलने वाली कार बना डाली. इसकी कुल लागत 40 हजार रुपए आई. 150 सीसी की यह कार चार सीटर है. रवि ने बताया कि वे गांव के प्रधान को साथ लेकर इस कार की टेस्टिंग के लिए ब्यावर गया था, रास्ते में कहीं भी रुकावट नहीं आई. ऐवरेज 50 किलोमीटर प्रति लीटर है.