ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

ममता ने PM को दी चुनौती, कहा-हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार करो


केन्द्र सरकार पर करारा हमला करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सारदा घोटाले में शुक्रवार राज्य के परिवहन मंत्री मदन मित्रा की गिरफ्तारी को ‘राजनीतिक बदला‘ और भाजपा की ‘गंदी साजिश’ करार देते हुए राजग सरकार को चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो उन्हें गिरफ्तार करके दिखाए।
बनर्जी ने यहां राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ‘जो कुछ हुआ वह गैर कानूनी और असंवैधानिक है। यह लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद करने वाला एक खतरनाक कदम है। मेरी सरकार कठोरतम शब्दों में मदन मित्रा की गिरफ्तारी की निंदा करती है।’
गुस्से से भभकती ममता ने कहा, ‘यह एक साजिश है, एक बहुत गंदी साजिश, मैं प्रधानमंत्री से कहती हूं कि वह पहले मुझे जेल में डालें। उन्हें (मित्रा को) गवाह के तौर पर बुलाया गया था और कुछ ही घंटों में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, क्या यह राजनीतिक बदला नहीं है?’
उन्होंने कहा, ‘मैं एसएसकेएम अस्पताल में मदन से मिलने जाऊंगी। (जब चिकित्सा जांच के लिए उन्हें वहां ले जाया जाएगा)। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के अख्तियार में जितनी भी पुलिस है उससे मुझे गिरफ्तार करके दिखाएं।’ भाजपा नेतृत्व और उसके अध्यक्ष अमित शाह पर पूरी ताकत से हमला बोलते हुए तृणमूल कांग्रेस की तेजतर्रार नेता ने कहा, ‘हम उनके मुखौटे उखाड़ फेंकेंगे, हम दिल्ली में उनसे लड़ेंगे।’
अमित शाह को निशाना बनाते हुए ममता ने कहा, ‘एक ऐसा व्यक्ति जो खुद सीबीआई द्वारा गिरफ्तार और आरोपित किया गया, वह हमपर उंगली उठा रहा है।’ बनर्जी ने कहा, ‘यह साफ-साफ राजनीतिक बदला है। देश के धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और संघीय ताने बाने को बर्बाद किया जा रहा है।’ उन्होंने मित्रा की गिरफ्तारी को अवैध, असंवैधानिक और असभ्य करार दिया।
उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार इस मामले पर कल से सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने संसद में यह मामला उठाने की धमकी दी। ममता ने दावा किया, ‘उन्होंने बड़ी चतुराई से मदन को शुक्रवार के दिन गिरफ्तार किया क्योंकि सप्ताहांत में संसद बंद रहेगी।’
उन्होंने कहा, ‘भारत में हालात अब आपातकाल जैसे हो गए हैं, नयी लड़ाई छिड़ गई है। हमें आपकी चुनौती मंजूर है, मेरी सरकार मदन मित्रा की गिरफ्तारी की कठोरतम शब्दों में निंदा करती है।’ उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार एक कायर और तानाशाह की तरह व्यवहार कर रही है, यह खतरनाक और विनाशकारी खेल है।’ बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा, ‘बंगाल के लोग मेरी पूंजी है, अगर केन्द्र किसी एक व्यक्ति को भी गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार करेगा, तो मैं विरोध करूंगी।’
यह दावा करते हुए कि भाजपा सरकार की हरकतें इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री काल में लगाए गए आपातकाल से भी बदतर हैं, उन्होंने कहा, ‘उन्होंने (मित्रा ने) संविधान की शपथ ली है। वह मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी हैं। उन्होंने शपथ ली है कि वह कोई असंवैधानिक काम नहीं करेंगे।’