ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

गुजरात में आरएसएस शिविर में जुटेंगे 26 हजार संघ कार्यकर्ता, मोदी भी आमंत्रित

अहमदाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके प्रतिद्वंद्वी संजय जोशी को अगले सप्ताह आरएसएस कार्यकर्ताओं के बड़े शिविर में आमंत्रित किया गया है। शिविर में हिस्सा लेने वालों को संघ प्रमुख मोहन भागवत संबोधित करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि 2 जनवरी से शहर के बाहरी हिस्से में स्थित दस्तान फार्म में शुरू हो रहे तीन दिवसीय ‘कार्यकर्ता शिविर’ में गुजरात से तकरीबन 26 हजार संघ कार्यकर्ताओं के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

आरएसएस की गुजरात इकाई के प्रमुख जयंती भदेसिया ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘15 साल के अंतराल के बाद आरएसएस 2 से 4 जनवरी के बीच गुजरात में शिविर का आयोजन कर रही है। उसमें तकरीबन 2800 गांवों के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। तकरीबन 25 हजार 800 कार्यकर्ताओं ने कार्यकर्ता शिविर के लिए खुद को पंजीकृत कराया है।’

बैठक का आयोजन प्रवासी भारतीय दिवस से पहले किया जा रहा है। प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन 7 से 9 जनवरी तक गांधीनगर में किया जाएगा। भदेसिया ने बताया, ‘सरसंघचालक (आरएसएस प्रमुख) मोहन भागवत और सरकार्यवाह (महासचिव) भैयाजी जोशी तीनों दिन शिविर में हिस्सा लेंगे। भागवत शिविर का उद्घाटन करेंगे और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।’

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गुजरात से पूर्व और मौजूदा आरएसएस के प्रचारकों (पूर्णकालिक कार्यकर्ता) नरेंद्र मोदी, संजय जोशी और मनमोहन वैद्य समेत अन्य को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है।