ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

जया व अभिषेक बच्चन ने मुंबई में वोट डाले, हरियाणा में जबरदस्त जोश


हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान जारी है। इन विधानसभा चुनावों को लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता की सबसे बड़ी कसौटी के रूप में देखा जा रहा है। महाराष्ट्र और हरियाणा में गहमागहमी भरे चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों राज्यों में विपक्ष से सत्ता छीनने के लिए भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान संभाली और जिसे कांटे का मुकाबला माना जा रहा है। महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए पंचकोणीय मुकाबला है, जिसमें 8.25 करोड़ मतदाता 4,119 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव में 1,699 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सबसे अधिक 287 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 257, शिवसेना ने 282, राकांपा ने 278 और मनसे ने 219 उम्मीदवार चुनावी समर में उतारे हैं। इस चुनाव में राज्य में लंबे समय से जारी गठबंधनों के टूटने की घटना सामने आई। कांग्रेस-राकांपा गठबंधन तथा भाजपा-शिवसेना गठबंधन टूटने के बाद चारों दल अलग अलग चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना मुकाबले को पंचकोणीय बना रही है। इस चुनाव में चार प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस, भाजपा, शिवसेना और राकांपा को कसौटी पर कसा जायेगा। दूसरी ओर मनसे के प्रभाव पर भी नजर रहेगी। कांग्रेस-राकांपा गठबंधन ने महाराष्ट्र में 15 वर्षों तक शासन किया। लोकसभा चुनाव के कुछ ही समय बाद केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे का कार दुर्घटना में निधन के बाद प्रदेश में प्रभाव रखने वाले स्थानीय भाजपा नेता के अभाव के चलते मोदी ने धुंआधार प्रचार करते हुए 27 रैलियां की। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं, जबकि हरियाणा में 90 सीटें हैं।
हरियाणा में भी मोदी ने धुआंधार चुनाव प्रचार किया, जिसमें पहली बार अपने दम पर भाजपा को राज्य में सत्ता हासिल करने का लक्ष्य है। वहीं, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रचार के दौरान भूपिन्दर सिंह हुड्डा के नेतत्व में राज्य में तीसरी बार सरकार बनाना सुनिश्चित करने के लिए जोर लगाया। गौरतलब है हरियाणा में 87.37 लाख महिलाओं समेत 1.63 करोड़ मतदाता हैं, जो 16,357 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1,351 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव में 109 महिला उम्मीदवार भी किस्मत आजमा रही हैं। मोदी ने राज्य में सिरसा, गुड़गांव, जींद, जगधारी, सोनीपत और रोहतक जैसे क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। हरियाणा में इनेलो के अभियान का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला ने किया था, जो स्वास्थ्य आधार पर नई दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल से जमानत पर बाहर आए थे। हालांकि सीबीआई द्वारा दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष इस विषय को उठाने जाने के बाद उन्हें फिर जेल वापस जाना पड़ा।