ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

गरीबी व अशिक्षा के कारण होता है मानव व्यापार : एसपी


सहरसा। जिला पुलिस के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय मानव व्यापार निरोध एवं निवारण कार्यशाला का मंगलवार को समापन किया गया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए एसपी पंकज सिन्हा ने कहा कि यह ऐसा अपराध है जो दृष्टिगोचर नहीं होता है। जिस कारण इसका रोकथाम बारीकी से करना होगा। उन्होंने कहा कि मानव व्यापार का मूल कारण गरीबी व अशिक्षा है। इस धंधे से जुड़े लोग लड़कियों, महिलाओं, बच्चों को सबसे अधिक निशाना बनाते हैं। प्रलोभन देकर उसे झांसे में फंसाने के बाद वेश्यावृति, बंधुआ मजदूरी की दलदल में धकेल देते हैं। इसे रोकने के लिए लोगों को जागरुक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर इस तरह के कार्यशाला का आयोजन जल्द ही किया जाएगा ताकि लोग जागरुक हो सके।
कमजोर वर्ग के आईजी अरविंद पांडे के विशेष पहल पर आयोजित कार्यशाला में पटना से पहुंचे डीएसपी मनीष कुमार ने कहा कि गरीबी, अशिक्षा व सामाजिक विषमता ट्रैफेकिंग का मूल कारण है। उन्होंने कहा कि यह इलाका मानव व्यापार के लिए सेफ जोन है। नेपाल के रास्ते लड़कियों की तस्करी का मामला कई बार सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि इसके रोकथाम में पुलिस की भूमिका काफी अहम है। पुलिस को अपने अन्य कार्यो को अलावा सामाजिक कार्य भी करना होगा ताकि दलदल में फंसने वाली लड़कियों व महिलाओं को बचाया जा सके। इस अवसर पर लोक अभियोजक श्याम कुमार दास, एसडीपीओ प्रेमसागर, डीएसपी मुख्यालय अरविंद कुमार सहित विभिन्न थाना के थानाध्यक्ष मौजूद थे। जबकि कल्याण, श्रम सहित, कानून के जानकारों द्वारा रोकथाम के लिए बने कानून की जानकारी दी गयी। कार्यशाला में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।