बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मंगलवार को हजारीबाग में कहा कि झारखंड में विधानसभा चुनावों के बाद मुख्यमंत्री बनने के लिए यशवंत सिन्हा सही व्यक्ति हैं। हालांकि इस मामले में राज्य के सभी नेताओं ने कोई भी टिप्पणी करने से फिलहाल किनारा कर लिया है।
झारखंड और विशेष कर हजारीबाग में बिजली संकट के खिलाफ आंदोलन करते हुए जमानत न लेकर जेल गये पूर्व केन्द्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा से मिलने आज यहां जेल पहुंचे आडवाणी ने कहा कि झारखंड का अलग राज्य के रूप में गठन के बाद उचित विकास नहीं हुआ और यहां इसी तरह के आंदोलन की आवश्यकता है। आगामी विधानसभा चुनावों के बाद यशवंत सिन्हा झारखंड का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह योग्य हैं और वह ही मुख्यमंत्री बनने के लिए सर्वाधिक उपयुक्त हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में सुशासन की आवश्यकता है और विशेषकर 2014 के आम चुनावों के बाद देश में जनता का रुझान इस ओर ही है। इसे देखते हुए यशवंत सिन्हा जैसे नेता के नेतृत्व की राज्य को आवश्यकता है। आडवाणी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मैंने यशवंत से कहा है कि जब आपको भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं का समर्थन मिल रहा है और सिर्फ झारखंड में ही नहीं बल्कि पूरे देश से समर्थन मिल रहा है तो आप पूरे सम्मान के साथ जेल से बाहर आएं और बिजली के इस संकट के खिलाफ झारखंड में बड़े जनांदोलन का नेतृत्व करें। यशवंत सिन्हा से जेल में लगभग सवा घंटे की मुलाकात के बाद बाहर आए आडवाणी ने कहा कि अब यशवंत सिन्हा को भाजपा के सभी नेताओं और जनता की इच्छा के अनुरूप जमानत लेकर जेल से बाहर आ जाना चाहिए। बिजली के वर्तमान संकट और विद्युत बोर्ड के महाप्रबंधक कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जनांदोलन को आगे बढ़ाना चाहिए।
