पढ़ाई और साक्षरता का मोल नवगछिया की महिलाओं ने भी अच्छी तरह से जान लिया है। तभी तो गोद में बच्चा और हाथ में कलम ले सैकड़ों नवसाक्षर महिलाओं ने रविवार को साक्षरता की परीक्षा दी। जो पूरे प्रखण्ड के 12 केन्द्रों में आयोजित की गयी थी। जहां 38 केन्द्रों की कुल 760 नवसाक्षर महिलाओं ने इस परीक्षा में भाग लिया। जिसमें 15 से 35 वर्ष उम्र की महादलित, अतिपिछड़ा एवं अल्पसंख्यक महिलाओं ने अक्षर आँचल योजना की इस परीक्षा में भाग लिया।
नवगछिया प्रखण्ड के नयाटोला स्थित फुलचंद मध्य विद्यालय में भी यह परीक्षा आयोजित की गयी। जहां प्रखण्ड कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय सहित पाँच केन्द्रों की 100 नवसाक्षर महिलाओं ने साक्षरता की परीक्षा दी। जहां केंद्राधीक्षक बिनोद कुमार यादव, वीक्षक वीरेंद्र कुमार शर्मा और नागेश्वर रजक, समन्वयक विनय कुमार यादव, सीआरसी दीपक यादव, टोला सेवक राजेश कुमार राम, रंजन हरिजन, गोविंद कुमार के अलावा तालीमी मरकज के मो0 मुख्तार और हाज़रा खातून भी मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार नवगछिया प्रखण्ड के खगड़ा, पकरा, नवादा, मानियामोर, जमुनिया, कदवा सहित 12 केन्द्रों पर यह साक्षरता की परीक्षा सम्पन्न हुई। वहीं केआरपी कैलाश प्रसाद ने बताया कि पकारा के केंद्र पर एक महिला की जगह उसकी सास परीक्षा देने आई थी। जिसे इस परीक्षा से वंचित कर दिया गया। जहां 100 महिलाओं ने इस परीक्षा में भाग लिया।