ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया : स्पर नंबर सात ध्वस्त, तटबंधों की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट

भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है | जिससे गोपालपुर के समीप बने स्पर संख्या सात
शनिवार को ध्वस्त हो गया | साथ ही अन्य सपरो, तटबंधों व कटाव स्थलों पर पानी का दबाव भी लगातार बढ़ता जा रहा है। पानी के बढ़ते दबाव के कारण इलाके के लोग अनहोनी की आशंका को लेकर सहमे हुए हैं। जिसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने भी नवगछिया के सभी तटबंधों पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ हाई अलर्ट जारी किया है। यहां गंगा खतरे के निशान से 30 सेंमी ऊपर बह रही है।
इस्माइलपुर प्रखण्ड के स्पर संख्या एक से लेकर गोपालपुर प्रखण्ड के बिंदटोली के स्पर संख्या सात तक सभी जगहों पर बाढ़ के पानी का दबाव बना हुआ है। इसके अलावा जमींदारी गंगा प्रसाद तटबंध पर भी दबाव बढ़ गया है।
यह अलग बात है कि स्परों को कटाव से बचाने के लिए विभाग प्रयत्‍‌नशील है। इन स्थलों की निगरानी भी की जा रही है। वहीं नदी में अगले 24 घंटे तक प्रतिघंटा दो सेंमी पानी बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है। विभाग के अधीक्षण अभियंता एसएन सिन्हा ने बताया, अन्य प्रदेशों में लगातार बारिश होने की वजह से ही गंगा के जलस्तर में पिछले एक पखवारे से वृद्धि हो रही है। यहां का अधिकतम जलस्तर 32.60 है। इस बार जलस्तर का रिकार्ड बढ़ने का अनुमान है। मुख्य अभियंता कैलू सरदार ने बताया, इस समय तटबंधों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बढ़ते जलस्तर की सूचना पुलिस व प्रशासन के वरीय अधिकारियों को भी दी गई है।