| दुर्घटनाग्रस्त पुलिस जीप |
घायल आठ में से चार सुरक्षाकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है |
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह भागलपुर के सांसद सैयद शाहनवाज़ हुसैन रविवार की रात लगभग नौ बजे नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के खरीक स्थित एक शादी समारोह में शामिल होकर बभनगामा स्थित दूसरे शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे | इसी दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेलघी के समीप उनके साथ साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों की गाड़ी स्टेयरिंग फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गयी | जो सांसद शाहनवाज़ हुसैन के काफिले में शामिल थी |
इस दौरान चार को हल्की चोट आयी | वहीं गंभीर रूप से घायल चार सुरक्षाकर्मियों को बेहतर इलाज हेतु भागलपुर स्थित जेएलएनएमसीएच में भर्ती करा दिया गया | सड़क दुर्घटना की पुष्टि बिहपुर पुलिस ने की है |
वहीं वाहन चालक वली मुहम्मद के अनुसार दुर्घटना के दौरान जीप की स्पीड 40 किमी. प्रति घंटे से कम थी। स्टेयरिंग फेल होते ही जीप पर से उसका नियंत्रण हट गया। पुलिस जीप सड़क से नीचे 30 फीट गहरे गड्ढे में चली गयी । गड्ढे में गिरकर जीप पोखर की मिट्टी से टकरा कर वहीं खड़ी हो गई। हादसा अचानक होने से जवानों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
चालक ने बताया, जीप में सवार पुलिस के जवान सुभाष कुमार सुमन, संतोष कुमार, राम नेहाल यादव और हवलदार अलमा सोरेन को गंभीर चोटें लगी हैं। ड्राइवर समेत सोमर चौरे, दिनेश पासवान व अरविंद मरांडी को हल्की चोटें लगी हैं।
दुर्घटनग्रस्त जीप के पीछे भाजपा नेता दीपक वर्मा की गाड़ी चल रही थी। दीपक ने भाजपा नेता प्रमोद प्रभात के साथ घायलों को अपनी गाड़ी पर बिठाकर रात 10.15 बजे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों की टीम ने घायलों का इलाज किया।
सांसद को दुर्घटना की पहली सूचना प्रमोद प्रभात ने दी। दुर्घटना के दौरान आगे चल रही सांसद की गाड़ी में शाहनवाज के साथ बिहपुर के विधायक कुमार शैलेंद्र और भाजपा के नवगछिया जिला अध्यक्ष सुबोध कुशवाहा, मंत्री मुकेश राणा और उज्जवल घोष मौजूद थे।
सांसद की सूचना पर उनके प्रवक्ता मृणाल शेखर ने अस्पताल में डॉक्टरों की टीम बुलाई। घायलों का इलाज कराया।