ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

अब मुफ्त में नहीं होगी सैंडीस कम्पाउन्ड की सैर

भागलपुर स्थित सैंडिस कंपाउंड को बेहतर और सुंदर बनाने की तैयारी हो रही है। इसके लिए कंपाउंड में प्रवेश करने पर शुल्क लगाया जाएगा।
यह निर्णय सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त मिन्हाज आलम की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
बैठक में सैंडिस कंपाउंड में प्रवेश और पार्किंग शुल्क लगाने पर चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी प्रेम सिंह मीणा ने इसके लिए नियमावली बनाने की बात कही। नियमावली बनने के उपरांत ही किसी प्रकार के शुल्क लगाने की कार्रवाई की जा सकेगी।
सैंडिस कम्पाउंड विकास समिति की तरफ से प्याऊ को चालू करवाने, क्षतिग्रस्त चहारदीवारी को मरम्मत, सुरक्षा हेतु अतिरिक्त पुलिस या होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति, स्टेडियम के प्रवेश द्वार को अलग करना, तालाब में पानी के प्रवेश हेतु व्यवस्था करना आदि मांग रखी गयी।
डीएम ने बताया कि सैंडिस कम्पाउंड का दीर्घकालीन विकास हेतु विभिन्न घटकों को संज्ञान में लेते हुए भवन प्रमंडल के सहयोग से वन विभाग द्वारा डीपीआर बनाया जा रहा है। बैठक में डीएम, एसएसपी राजेश कुमार, आयुक्त के सचिव तारणी दास, वन प्रमंडल पदाधिकारी बांका, महाप्रबंधक विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी, भवन प्रमंडल तथा विकास समिति से अमर गोयनका, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. एसएन झा व रवि कुमार आदि थे।