ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

छह जनवरी को बिहार आएंगे मारीशस के राष्ट्रपति

मारीशस के राष्ट्रपति राजकेश्वर प्रयाग छह जनवरी को बिहार आएंगे। वे अपने पूर्वजों के गांव वाजितपुर (पुनपुन प्रखंड) जाएंगे, जहां पर उनका नागरिक अभिनंदन पूरे इलाके एवं राज्य सरकार की ओर से किया जाएगा। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को वाजितपुर गांव गए। तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को यादगार बनाने और उनके आगमन की स्थिति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए
विशेष कार्यक्रमों का आयोजन होगा। राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी अनिता प्रयाग भी आएंगी। मुख्यमंत्री के अनुसार यह बिहार के लिए गौरव और सम्मान का विषय है कि वर्षो पहले यहां से मारीशस गए लोगों के वंशज आज वहां के राष्ट्रपति के गौरवपूर्ण पद पर पदस्थापित हैं। मारीशस में भारतीय मूल के अस्सी फीसद से अधिक लोग हैं, जिनमें आधी आबादी बिहारियों की है। वहां के राष्ट्रपिता सर शिवसागर रामगुलाम बिहार के ही थे। राजकेश्वर प्रयाग इसी वर्ष मारीशस के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। इसके पूर्व वे वहां के संसद के अध्यक्ष थे। उनके बिहार आने से अपार हर्ष का वातावरण है।
मुख्यमंत्री ने वाजितपुर में राष्ट्रपति के सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह की तैयारियों की अवलोकन किया। इस बाबत उन्होंने अधिकारियों को कई निर्देश भी दिए। उन्होंने गांव के स्कूल भवन, शिव मंदिर, स्वास्थ्य केन्द्र और तालाब आदि जगहों को जाकर देखा। उन्होंने कहा कि तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के परिजन गणेश महतो और महेश महतो समेत अन्य पारिवारिक सदस्यों से भी मुलाकात की। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्याम रजक, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह व सचिव अतीश चन्द्रा, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अमरजीत सिन्हा, योजना विभाग के प्रधान सचिव विजय प्रकाश, ग्रामीण कार्य सचिव बी. राजेन्दर, पथ विभाग के सचिव प्रत्यय अमृत, भवन निर्माण विभाग के सचिव चंचल कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (पटना रेंज) बी. श्रीनिवासन व सुनील कुमार और जिलाधिकारी संजय कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।