ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार में नरेंद्र मोदी का स्वागत

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना पहुंचकर रविवार को भाजपा के दिवंगत नेता कैलाशपति मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की और इस अवसर पर बडी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर पहुंचने पर उनका स्वागत किया। विशेष विमान से दोपहर बाद पटना पहुंचे नरेंद्र मोदी सीधे स्वर्गीय मिश्र के घर गए और वहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां वह करीब 15 मिनट ठहरे और फिर गुजरात लौट गए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी,
राज्यसभा में भाजपा के उपनेता रविशंकर प्रसाद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी ठाकुर नरेंद्र मोदी के साथ थे। मिश्र 2003 से 2004 तक गुजरात के राज्यपाल भी रहे थे। मोदी ने कहा कि कैलाशपतिजी ने हम जैसे लाखों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में काम किया। उनका जीवन और आचरण प्रेरणादायक था। उनका निधन हो गया है। यह हमारे लिए दुख की घड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में राज्यपाल के रूप में उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाई रखी और उसे ऊपर उठाने का काम करते हुए एक मिसाल कायम की। राज्यपाल के रूप में केंद्र और राज्य के बीच किस प्रकार भूमिका निभाई जा सकती है यह कैलाशपति जी ने हमें बताया। पटना पहुंचने पर नरेंद्र मोदी का अभिवादन बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया और उनके समर्थन में नारेबाजी की। मोदी की यात्रा के समय उनके समकक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनका आमना सामना नहीं हो सका क्योंकि अधिकार रैली कार्यक्रम के लिए जदयू नेता गांधी मैदान में थे।