नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीक में कोसी नदी पार भवनपुरा पंचायत के कटाव प्रभावित मैरचा गांव में कटाव का निरीक्षण करने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई० कुमार शैलेंद्र जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों की टीम के साथ पहुंचे। इस मौके पर विधायक के साथ बाढ। संघर्ष बल के अध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद, अधीक्षण अभियंता सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। विधायक ने कहा कि वास्तव में कटाव से पूरे पंचायत पर अस्तित्व का संकट पैदा हो गया है। जल संसाधन विभाग के पदाधिकारी भी कटाव की त्रासदी को देख कर अचंभित थे। ग्रामीणों ने विधायक से कटाव निरोधी कार्य करवाने की मांग की। विधायक ने कहा कि मैरचा में कटाव निरोधी कार्य दो दिनों के अंदर शुरू करवाया जायेगा। उन्होंने जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों से भी बात की। विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि अभी तात्कालिक तौर पर कटाव निरोधी कार्य शुरू करवा कर कटाव पर रोक लगायी जायेगी। अगले वर्ष स्थायी कटाव निरोधी कार्य होगा।
वहीँ जिला पदाधिकारी प्रेम सिंह मीणा के निर्देश पर नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी सुशील कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता संजय कुमार और खरीक के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार मुन्ना ने भी मैरचा के पास हो रहे कटाव का निरीक्षण किया। इन लोगों के अनुसार कोसी नदी का कटाव इस समय मैरचा गाँव से छह सौ मीटर की दूरी पर ही हो रहा है। जहां कटाव निरोधी कार्य कराया जाना आवश्यक है। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी सुशील कुमार ने मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग के अधिकारिओं को आवश्यक निर्देश भी दिया।