ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नीतीश ने शाहजंगी मजार पर की चादरपोशी भी

सेवा यात्रा के पहले दिन बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया।

अपने काफिले के साथ शाहजंगी पहुंचे मुख्यमंत्री ने शाहजंगी की पहाड़ी पर स्थित लाल शाह शहबाज रहमतउल्लाह अलैह के मजार पर चादर चढ़ाई।

चादर चढ़ाने के पूर्व मजार के खादिम शाह मोहम्मद शारिक ने फातिया पढ़ा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खादिम से मजार की ऐतिहासिकता के विषय में जानकारी ली। मुख्यमंत्री की सेवा यात्रा के मद्देनजर भागलपुर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री सीढ़ियों से चढ़कर अपने सर पर चादर लेकर मजार पर पहुंचे और चादर चढ़ायी।

इसके बाद मुख्यमंत्री सीढ़ियों के रास्ते वापस आने के क्रम में रुके और पहाड़ी के नीचे मनोरम दृश्य को निहारा। पहाड़ी के नीचे स्थित ऐतिहासिक तालाब के बारे में उन्होंने जानकारी भी ली। मजार पर चादरपोशी के दौरान स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, स्थानीय सांसद शाहनवाज हुसैन, नाथनगर जदयू विधायक सहित भाजपा और जदयू के कई नेता मौजूद थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला चंपानगर स्थित जैन मंदिर पहुंचा जहां मुख्यमंत्री ने भगवान वासुपूज्य का दर्शन किया और पूजा अर्चना कर आशीर्वाद मांगा। जैन मंदिर में मुख्यमंत्री ने कांच की नक्काशी को ध्यानपूर्वक देखा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मंदिर में स्थित प्राचीन प्रतिमाओं का अवलोकन किया।

साथ ही उन्होंने मंदिर के विषय में जानकारी ली और मंदिर की व्यवस्था की सराहना की। मंदिर प्रबंधन ने मुख्यमंत्री से जैन मंदिर को बौद्ध सर्किट से जोड़ने और पर्यटन मानचित्र में लाने की मांग की। यहां से मुख्यमंत्री का काफिला विश्वविद्यालय स्थित रविंद्र भवन पहुंचा। सीढ़ियां चढ़कर मुख्यमंत्री लगभग 80 फीट की ऊंचाई पर स्थित रविंद्र भवन पहुंचे।

रविंद्र भवन पहुंचने पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विमल कुमार और प्रतिकुलपति ने मुख्यमंत्री का स्वागत बुके देकर किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुलपति से विविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

अपने आधे घंटे के ठहराव के दौरान मुख्यमंत्री ने रविंद्र भवन के पीछे स्थित गंगा नदी और वहां से दिखाई पड़ने वाले शाहजंगी, साहेबगंज, विवि एवं शहरी क्षेत्र को बहुत ध्यानपूर्वक देखा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद शाहनजवाज हुसैन सहित जदयू और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता थे।