नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी जीरोमाइल स्थित तेतरी बहियार के नवटोलिया में वासा पर गुरुवार की सुबह काम कर रहे राम देव सिंह के 28 वर्षीय पुत्र वीरेन्द्र कुमार सिंह को दो गोली मारकर बुरी तरह घायल कर दिया गया। घायल पास ही के गांव मदहत्तपुर का रहने वाला है। जिसका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। परिजनों ने बताया कि लीची की सूखी टहनी को लेकर हुए विवाद में उसे गोली मारी गई है। परिजनों ने गांव के पप्पू, मिथुन एवं कुंदन के विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया से घायल को भागलपुर रेफर किया गया है। घायल के बड़े भाई पप्पू सिंह ने बताया कि हमलावर केले के बगान से निकले और गोली चलाने लगे। वो उनके भाई राजेश सिंह को मारना चाहते थे। घायल से रंगदारी मांगने का भी आरोप परिजनों ने लगाया है। घायल वासा पर खेतीबारी का काम देखने व गाय को खिलाने गए हुए थे। परिजनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। नवगछिया थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामला लीची को तोड़ने को लेकर हुआ है।