मैदे से बनी जंक फूड खाना स्वास्थ्य के लिए किसी तरह से हितकर नहीं है -डॉ सुभाष कुमार विद्यार्थी
नारायणपुर (नवगछिया)। आप स्वस्थ रहेंगे तभी आपका मन पढ़ाई में लगेगा उक्त बातें शिव प्राण मैटी मिशन ऑफ इंडिया के द्वारा मध्य विद्यालय बलहा के परिसर में आयोजित योग प्रशिक्षण शिविर में छात्रों के बीच बोलते हुए इलेक्ट्रो होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ सुभाष कुमार विद्यार्थी ने कहा। इन्होंने कहा कि मैदे से बनी हुई कोई भी जंक फूड मेगी, चाउमीन, समोसा आदि को खाना स्वास्थ्य के लिए किसी तरह से हितकर नहीं है। खाने के बाद ये हमारे पेट की आंत में चिपक जाता है। जिससे पेट सम्बन्धी कई बीमारियां हो सकती है और आपकी पढ़ाई बाधित हो सकती है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक दीपक कुमार सिंह ने कहा कि दैनिक जीवन में छात्र छात्राओं को स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता के लिए नित्य स्नान और कपड़े की साफ सफाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए। इन्होंने कहा कि स्वस्थ छात्र से ही उन्नत भारत का नवनिर्माण संभव है। इसलिए डॉ विद्यार्थी साहब के द्वारा बताई गई बातों पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
मौके पर डॉ सुभाष कुमार विद्यार्थी ने उपस्थित छात्र छात्राओं को ताली के बजाने के महत्व एवं इसके तरीके को बताते हुए शारीरिक स्वास्थ्य के लिए सूक्ष्म आसन, त्रिकोणासन, ताड़ासन एवं यादाश्त शक्ति बढ़ाने के लिए ज्ञान मुद्रा का अभ्यास कराया और इसे नियमित रूप से करने की बात कही । इस अवसर पर शिक्षक नरेश कुमार, मो हिफ़ुजुल रहमान, भानु भास्कर, शिल्पी कुमारी सहित विद्यालय के छात्र छात्राओं की उपस्थिति रही।