नवगछिया के इस्माइलपुर में टुन्ना यादव का आतंक, कहा- एक बीघा पर 10 हजार दो, नहीं तो मार डालेंगे
फुलकिया दियारा में रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने 35 किसानों को पीटा
छह लोगों का अनुमंडल अस्पताल में हो रहा इलाज
इस्माइलपुर थानाध्यक्ष बोले किसी भी अपराधी को छोड़ा नहीं जायेगा
भागलपुर। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र स्थित फुलकिया के टुन्ना यादव व उसके गिरोह के सदस्यों द्वारा शुक्रवार को रंगदारी नहीं देने पर 35 किसानों की सामूहिक रूप से पिटाई कर देने का मामला प्रकाश में आया है। पिटाई से गंभीर रूप से घायल हो गये छह लोगों का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में कराया गया है। घायलों में फुलकिया निवासी अमित कुमार, अजय कुमार, महेंद्र मंडल, पवन कुमार, जयराम मंडल और रंजीत कुमार का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में कराया गया है। बाकी कई लोग आंशिक रूप से घायल हैं, जिन्होंने स्थानीय स्तर पर अपना इलाज करवाया है।
वहीं किसान रंजीत कुमार के अनुसार हमलोग दियारा इलाके में परवल की खेती करते हैं। दस पंद्रह दिनों से टुन्ना यादव और उसके गिरोह के सदस्य हम लोगों से प्रति बीघा 10 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। नहीं देने पर शुक्रवार को सभी अपराधी खेत पर आ गये और फिर से रंगदारी की मांग की। कजब किसानों ने रंगदारी देने का विरोध किया, तो टुन्ना और उसके गिरोह के सदस्यों ने सभी किसानों की हथियार के बल पर लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। सबों की पिटाई करने के बाद अपराधियों ने किसानों को धमकी देते हुए कहा कि अगर तुम लोगों ने रंगदारी नहीं दिया, तो आये दिन एक-एक करके सबको मार देंगे। अपराधी 10 से 12 की संख्या में थे।
इस मामले को लेकर किसान महेंद्र मंडल के बयान के आधार पर इस्माइलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। इसमें टुन्ना यादव, कारेलाल यादव, लालो यादव समेत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इस्माइलपुर के थानाध्यक्ष मणि पासवान ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। घटना में शामिल किसी भी अपराधी को छोड़ा नहीं जायेगा।