भागलपुर। श्रीशिवशक्ति योगपीठ के पीठाधीश्वर परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज ने कहा है कि लॉकडाउन के दौरान फंसे जरूरतमंदों को लोग खाना तैयार करके ही दें। सूखा अनाज देने से बनाने में परेशानी होती है। मजदूर तबके के लोगों के पास खाना बनाने के साधन की कमी है। तत्काल उनकी भूख मिटानी जरूरी है। आगामानंद जी ने सामाजिक संगठनों से अपील की है कि खाना बनाकर ही जरूरतमंदों तक पहुंचाएं। उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा में लगे लोगों की तारीफ की। साथ ही कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। भागलपुर और नवगछिया के लोग जरूरतमंदों के साथ खड़े हैं।
उन्होंने सभी लोगों से लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की भी अपील की। उधर आगमानंद परिवार की ओर से 800 पैकेट पूड़ी-सब्जी विभिन्न मोहल्लों में जाकर ठेला, रिक्शा चालकों के बीच बांटी गयी। श्रीशिवशक्ति योगपीठ नवगछिया की ओर से पिछले तीन दिनों से लोगों को खिचड़ी भी खिलाई जा रही है।