नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)।
नवगछिया शहर को प्रशासन द्वारा 4 अप्रैल को कोरेनटाइन जोन घोषित किया गया था। इसके दूसरे दिन सुबह से ही शहर को अगले आदेश तक के लिए सील भी कर दिया गया था। इसके बाद कुछ अतिआवश्यक सामग्रियों के होम डिलीवरी भी शुरू करायी जाने लगी। प्रशासन का अभी तक कोई भी अगला आदेश जारी नहीं हुआ है। इधर लोगों के मन में संदेह पैदा हो रहा है कि शहर में लगी सील 20 अप्रैल को समाप्त होगी या नहीं। इस मामले में प्रशासन का साफ निर्देश है कि सील की कार्रवाई अगले आदेश तक जारी रहेगी। शहर के सील के दौरान नियमों के उल्लंघन करने वालो पर प्रशासन स्तर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नवगछिया एसडीओ मुकेश कुमार ने नव-बिहार समाचार को बताया कि नवगछिया शहर को कोरेनटाइन जोन घोषित किया गया है। इसी के तहत शहर को सील भी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया कि वर्तमान में नवगछिया शहर में सील अगले आदेश तक जारी रहेगा। इसे लेकर कल यानि 20 अप्रैल को जिला पदाधिकारी महोदय से वार्ता के बाद ही कुछ अतिआवश्यक व्यवस्था के लिए ढील दी जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस समय जारी नियम का उल्लंघन करने वाले लोगों तथा अनाधिकृत रूप से व्यवसाय करने वालों पर कानूनी कार्यवाही अवश्य की जाएगी।