ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भारत में कोरोना संक्रम‍ितों की संख्या हुई 5360, अब तक 162 की मौत



नव-बिहार समाचार: देशभर में कोरोना मरीजों की संख्या 5000 को पार कर गई है. अब तक 5360 केस सामने आ चुके हैं, जिसमें से 162 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, 468 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक भी हो चुके हैं. दिल्ली में कोरोना से 576 लोग संक्रमित हैं, जबकि अबतक 9 मरीजों की मौत हो चुकी है. वहां 20 लोग इस संक्रमण से मुक्त भी हुए हैं.
बताते चलें कि दिल्ली से सटे फरीदाबाद में भी कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है. इसे देखते हुए प्रशासन ने 13 जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है, यानी यहां न कोई आ सकता है और न ही कोई बाहर जा सकता है. इसी प्रकार से बिहार के भागलपुर जिला में नवगछिया नगर पंचायत क्षेत्र को भी कंटेनमेंट ज़ोन घोषित किया गया है. जहां कोरोना के एक संदिग्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी. इसके संपर्क में आये 14 लोगों के सेम्पल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है. इसके बाद पुनः तीन पुराने और एक नये संपर्क में आये कुल चार लोगों का सेम्पल जांच में भेजा गया है.
इधर जहां महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1018 लोगों में कोरोना संक्रमण है, जबकि 64 मरीजों की मौत हो चुकी है. अकेले मुंबई में कोरोना का सबसे ज्यादा खौफ देखा जा रहा है, जहां मरीजों की संख्या 642 हो चुकी है, जबकि 40 मरीज की जान जा चुकी है. वहीं तमिलनाडु में अबतक कोरोना के 690 मामले सामने आ चुके हैं. तेलंगाना में 404 लोग संक्रमित हैं. राजस्थान में कोरोना से 348 लोग संक्रमित हैं. केरल में 336 कोरोना संक्रमित हैं. यूपी में कोरोना से 332 लोग संक्रमित हैं. मध्य प्रदेश में 290 लोग कोरोना संक्रमित हैं. पंजाब में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 99 हो गई हैं. पश्चिम बंगाल में कोरोना के 91 केस हैं. वहीं बिहार में कोरोना के मामले बढ़ कर 38 हो गए हैं.