नव-बिहार समाचार। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार इजाफा होने के बीच कोविड-19 मामलों के लिए गठित दिल्ली सरकार की समिति के अध्यक्ष ने महामारी को काबू करने के लिए लॉकडाउन को 16 मई तक बढ़ाने का सुझाव दिया है। केंद्र सरकार ने 24 मार्च की मध्यरात्रि से 14 अप्रैल तक के लिए देशव्यापी लॉकडाउन लागू किया था। जिसकी अवधि पूरी होने पर इसे तीन मई तक के लिए बढ़ाया था।
इस महामारी से निपटने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा गठित समिति के अध्यक्ष डॉ एसके सरीन ने शनिवार (25 अप्रैल) को कहा, ''भारत में अभी भी महामारी का ग्राफ बढ़ रहा है, इसलिए प्रतिबधों में ढील देने का मतलब है कि मामलों में बेतहाशा वृद्धि हो जाएगी। दिल्ली में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या काफी है इसलिए इसका विस्तार करना समझदारी होगी। लॉकडाउन को 16 मई तक बढ़ाना होगा।''
दिल्ली में कोरोना के 2625 मामले, 54 की मौत
राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या शनिवार (25 अप्रैल) को बढ़कर 2,625 हो गई। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की बुलेटिन के अनुसार 111 ताजा मामले सामने आए। साथ ही इस संक्रमण से हारने वालों की संख्या बढ़कर 54 हो गई। वर्तमान में दिल्ली में 1,702 लोग कोविड-19 से ग्रस्त हैं। राष्ट्रीय राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 95 हो गई।
उपचार के बाद ठीक होने वाले लोगों की संख्या में मामूली गिरावट देखी गई। शनिवार को केवल 12 मरीज ठीक हुए जो 17 अप्रैल से लेकर अब तक सबसे कम है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा संचालित हिन्दू राव अस्पताल में एक नर्स में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। बाबू जगजीवन राम अस्पताल के तीन डॉक्टरों समेत कम से कम नौ और कर्मचारियों में शनिवार को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई जिसके बाद अस्पताल में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 40 से ज्यादा हो गई।