नव-बिहार समाचार, नवगछिया। स्थानीय श्रीगोपाल गौशाला नवगछिया में 16 दिसंबर से चल रहे श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन अनंत श्री विभूषित जगतगुरु रामानुजाचार्य परम पूज्य बालक स्वामी श्री केशवाचार्य जी महाराज ने कहा कि जहां अपना मन पवित्र कर लोगे वहीं वृंदावन हो जाएगा। भागवत सुनने से सारे पाप धुल जाते हैं, अनजान से किया हुआ पाप भगवान भी माफ कर देते हैं और जाने से क्या हुआ पाप कभी भी भगवान माफ नहीं करते। मान कभी भी मत करना परिस्थितियों के हिसाब से अपने आप में परिवर्तन करो, शिखर पर उठने की कोशिश मत करो।
इस कथा के दौरान जहां राजा परीक्षित और सुकदेव जी महाराज पर चर्चा की गई। वहीं 'मुझे अपने ही रंग में रंग दे सांवरे' भजन पर श्रोतागण खूब झूमे। भागवत कथा को सुनने के लिए भागलपुर, कोलकाता, मुंबई, राजस्थान और नेपाल आदि जगहों से भी काफी श्रोता आए हैं। इस कथा के दौरान अनंत विभूषित श्री अनंताचार्य जी महाराज, स्वामी धरणिधराचार्य जी महाराज और परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज की मौजूदगी बनी रही। आयोजन को सफल बनाने के लिए मुख्य यजमान दयाराम चौधरी का पूरा परिवार सहित नगर और आसपास के सैकड़ों कार्यकर्ता बड़े जोर-शोर से लगे हुए हैं।