ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया : जिंदा जलाने की घटना की पुनरावृत्ति की धमकी से सहमा है पीड़ित परिवार

नव-बिहार समाचार, नवगछिया। अपराध ग्रस्त पुलिस जिला नवगछिया के आदर्श थाना क्षेत्र के श्रीपुर में गत शनिवार को दादा-पोते को जिंदा जला दिया गया था, जिनकी मौत हो गयी। इस दोहरे हत्याकांड में एक महिला आरोपित को छोड़ बाकी सभी आरोपित फरार हैं। बाहर रहकर सभी
आरोपित अब बचे पीड़ित परिवार पर केस उठाने का दबाव बनाते हुए सभी को भी जिंदा फूंकने की धमकी दे रहे हैं। मंगलवार को इसकी मौखिक शिकायत एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन से करते हुए पीड़ित परिवार ने जान-माल सुरक्षा की गुहार लगाई है।
महिला के डायन होने के संदेह में शनिवार की रात उसके पति चंद्रदेव सिंह और पोता संजीत कुमार को सुप्तावस्था में पेट्रोल छिड़क कर घर के दरवाजे पर ही जिंदा जला दिया गया था। इसमें नगर पंचायत के ही वार्ड पार्षद माहिल सिंह, उसके चाचा गणेश सिंह व उसकी पत्नी उषा देवी को नामजद किया गया था। इसमें उषा देवी की गिरफ्तारी हुई है। माहिल सिंह व गणेश सिंह पुलिस की नजरों से फरार हैं।
संजीत के पिता अमृत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपित व उसके परिवारवाले खुलेआम गांव में घूमकर केस नहीं उठाने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे हमारा पूरा परिवार डरा-सहमा है। गणेश सिंह का पुत्र हमलोगों की मुखबिरी कर रहा है। इस कारण हमलोग रतजग्गा करते हैं। सभी आरोपित दबंग हैं, वे किसी भी वक्त घटना की पुनरावृत्ति कर सकते हैं।
चंद्रदेव सिंह की पत्नी बिंदु देवी ने बताया कि घटना से पूर्व गणेश सिंह की बहू बबीता देवी से उसकी एक दिन मुलाकात हुई थी। तभी से आरोपित मुझपर बबीता को बीमार करने का आरोप लगाने लगे। इस विवाद में पहले धमकी दी फिर मेरे पति व पोते को मार डाला।
इस मामले में नवगछिया एसपी पंकज सिन्हा ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही सभी को दबोच लिया जाएगा।