नवगछिया प्रखंड अंतर्गत पड़ने वाले ग्राम पंचायत जगतपुर के मुखिया अमरदीप यादव और पंचायत सचिव विजय कुमार जायसवाल के बीच पैदा हुए विवाद को नवगछिया प्रखंड विकास पदाधिकारी नीलम दास ने सुलह करा दी है। इसके साथ ही बीडीओ द्वारा इस मामले में विराम लगने की बात कही जा रही है।
बीडीओ नीलम दास ने बताया कि जगतपुर पंचायत के सचिव का प्रभार अब भी पंचायत सचिव बिजय कुमार जायसवाल के पास ही सुरक्षित है । फिलहाल उन्हीं के द्वारा आगे का कार्य भी सम्पन्न किया जाएगा। इस बाबत मुखिया द्वारा भेजे गये प्रतिनिधि पवन कुमार यादव और पंचायत सचिव विजय कुमार जायसवाल के बीच वार्ता कराकर प्रखंड कार्यालय में ही सुलह करा दी गयी है।
बताते चलें कि जगतपुर पंचायत के पंचायत सेवक विजय कुमार जायसवाल ने जगतपुर के मुखिया अमरदीप यादव पर गलत तरीके से चेक पर हस्ताक्षर कराने का दवाब देने और बाद में गाली गलौज करने के बाद जान मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को नवगछिया के बीडीओ नीलम दास को आवेदन दिया था।
वहीं इस पंचायत के मुखिया अमरदीप यादव ने भी बुद्धवार को पंचायत सचिव विजय कुमार जायसवाल पर तीस प्रतिशत कमीशन की मांग करने को लेकर हल्की झड़प होने का आवेदन नवगछिया बीडीओ को सौंपा था । अपने इस आवेदन में मुखिया अमरदीप यादव ने जान मारने की धमकी देने के आरोप को सरासर गलत आरोप बताया है। साथ ही मुखिया अमरदीप यादव ने यह भी लिखा है कि पंचायत के विकास के लिए कंप्यूटर, जेनरेटर, कुर्सी, टेबुल, दरी इत्यादि की खरीद के लिये सरकार द्वारा भेजे गये चार लाख की राशि की मांग पंचायत सचिव से लगातार एक साल से की जा रही है। मंगलवार को भी इसी राशि की मांग करने पर पंचायत सचिव द्वारा तीस प्रतिशत कमीशन की मांग की गयी थी। इसी बात को लेकर उनसे हल्की झड़प हुई थी। मुखिया ने यह भी लिखा है कि पंचायत सचिव के इसी रवैये के कारण कई योजनायें इस पंचायत की अब तक बाधित पड़ी है । जिससे सरकार की भी बदनामी हो रही है। वही बीडीओ द्वारा सुलह कराये जाने के बाद जल्द ही कार्य प्रारम्भ होने की बात बताई गयी।