ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा में गौरव अग्रवाल ने किया टॉप, यहा देखें पूरा रिजल्ट


संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा संचालित की जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा, 2013 के नतीजे आज घोषित कर दिए गए। पिछले चार सालों में पहली दफा इस परीक्षा में पहला स्थान किसी पुरुष उम्मीदवार को मिला है। 
गौरव अग्रवाल को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उनका ऐच्छिक विषय अर्थशास्त्र था। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), कानपुर से बी़टेक (कंप्यूटर सांइस) और भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), लखनऊ से प्रबंधन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा की पढ़ाई की है। यह गौरव का दूसरा प्रयास था। दिल्ली के रहने वाले मुनीश शर्मा और रचित राज को क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
साल 2010, 2011 और 2012 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में पहला स्थान महिलाओं को मिला था। मुनीश ने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री वेंकटेश्वर कॉलेज से बायोकेमेस्ट्री में बीएससी की पढ़ाई की है। मुनीश का भी यह दूसरा प्रयास था। मुनीश ने बताया कि मैं बहुत खुश हूं। मेरी कामयाबी कड़ी मेहनत और मेरे शिक्षकों एवं मेरी मां के आशीर्वाद का परिणाम है।
महिला उम्मीदवारों में भारती दीक्षित को शीर्ष स्थान मिला है। उन्हें पांचवीं रैंक हासिल हुई है। उन्होंने दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। यह उनका पहला प्रयास था।

कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, सिविल सेवा परीक्षा, 2013 के आधार पर 1,122 उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) एवं अन्य केंद्रीय सेवाओं में नियुक्त किए जाने की सिफारिश की गई है। शीर्ष 25 स्थानों में 15 पुरुष एवं 10 महिलाएं हैं। शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 24 ने अंग्रेजी माध्यम जबकि एक ने कन्नड़ माध्यम में परीक्षा दी थी।

शीर्ष 25 उम्मीदवारों में नौ इंजीनियरिंग, तीन मेडिकल विज्ञान, चार विज्ञान एवं नौ वाणिज्य, मानविकी एवं अन्य सामाजिक विज्ञान पृष्ठभूमि के हैं। इनमें से पांच को पहले, 11 को दूसरे, सात को तीसरे और दो को चौथे प्रयास में सफलता मिली है। शीर्ष 25 उम्मीदवारों में बिहार, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओड़िशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के रहने वाले शामिल हैं। इनमें से 20 उम्मीदवारों ने दिल्ली से, दो ने जयपुर से और एक-एक ने लखनऊ, बेंगलूर और चंडीगढ़ से परीक्षा दी थी।
सफल उम्मीदवारों में 517 सामान्य श्रेणी, 326 अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी, 187 अनुसूचित जाति श्रेणी और 92 अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार हैं। पिछले साल इस परीक्षा के लिए 1,228 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था जिसमें 622 सामान्य श्रेणी, 326 अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी, 188 अनुसूचित जाति श्रेणी और 92 अनुसूचित जनजाति श्रेणी की सीटें थी।

सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 26 मई 2013 को आयोजित की गई थी। कुल 7,76,565 उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था जिसमें से 3,23,949 उम्मीदवार वास्तव में परीक्षा में शामिल हुए। प्रारंभिक परीक्षा के नतीजों के आधार पर 14,959 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य घोषित किया गया था।
मुख्य परीक्षा दिसंबर 2013 में आयोजित की गई थी। मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 3,003 उम्मीदवारों को साक्षात्कार में शामिल होने के लिए चुना गया था। साक्षात्कार अप्रैल-जून 2014 में आयोजित किए गए। सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों- प्रारंभिक, मुख्य एवं साक्षात्कार में आयोजित की जाती है। आज घोषित हुए नतीजे यूपीएससी की वेबसाइट पर भी देखे जा सकते हैं। बहरहाल, परीक्षा के अंक अगले 15 दिनों के भीतर वेबसाइट पर डाल दिए जाएंगे।