नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत बिहपुर को जल्द मिल सकता है पुलिस अनुमंडल का दर्जा । इस मामले की जानकारी नवगछिया के एसपी शेखर कुमार ने भी नवगछिया समाचार को एक बातचीत के दौरान दी।
बिहपुर के जल्द पुलिस अनुमंडल बनने की बात को मजबूती जहां एक ओर नवगछिया एसपी शेखर कुमार द्वारा विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखा गया पत्र है। वहीं दूसरी ओर बिहार के पुलिस महानिदेशक अभयानन्द द्वारा लिए गए निर्णय के तहत अब और मजबूती बढ़ गयी है। जिसके तहत बिहार के हर जिलों को दो दो और डीएसपी मिलेंगे।
जानकारी के अनुसार डीजीपी द्वारा लिए गए निर्णय के तहत बनी सूची में भी बिहपुर का नाम निर्धारित किया जा चुका है। इसके साथ ही अब बिहपुर में जल्द ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का कार्यालय प्रारम्भ होने की संभावना बन गयी है।
बताते चलें कि 19 अगस्त 1992 में बना नवगछिया पुलिस जिला को भी पहले 17 दिसंबर 1954 को पुलिस अनुमंडल का दर्जा मिला था। इसके बाद ही 24 नवम्बर 1972 को पूर्ण अनुमंडल का दर्जा मिला था।
वहीं बिहपुर के विधायक ई0 कुमार शैलेंद्र ने बिहार सरकार के होने वाले फैसले पर खुशी जाहीर की है। उन्होने नवगछिया समाचार को बताया कि उनके द्वारा बिहपुर को अनुमंडल बनाने तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय की मांग काफी लंबे समय से की जा रही है। लेकिन सरकार द्वारा यदि पहले पुलिस अनुमंडल बनाया जा रहा है तो इसका भी स्वागत है। सरकार के इस कदम से भी बिहपुर के अपराध पर लगाम लगेगी। सामने लोकसभा चुनाव का समय है। जबकि बिहपुर के सर्वांगीण विकास के लिये पूर्ण अनुमंडल बनाना आवश्यक है। जिसकी मांग को लेकर कई बार आंदोलन भी हुए हैं। साथ ही इस मांग को विधान सभा में भी मेरे द्वारा उठाया गया था।


