क़ानून के हाथ सचमुच बहुत लंबे होते है और इसके चंगुल से कोई भी नहीं बच पाता. यही वजह है कि बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन भी सीबीआई के शिकंजे में आ गए. ये अलग बात है कि ऐसा किसी अपराध में नहीं बल्कि सीबीआई की स्वर्ण जयन्ती के लिए किया गया है.
दरअसल सीबीआई इस साल अपने पचास बरस पूरे करने का जश्न यानी स्वर्ण जयंती मना रही है. इस मौक़े पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई गई है जिसमें अंग्रेज़ी में आवाज़ दी है कबीर बेदी ने, जबकि हिंदी संस्करण अमिताभ बच्चन की आवाज़ में होगा. 71 साल के बच्चन ने शनिवार रात को डॉक्यूमेंट्री के कुछ भाग के लिए अपनी आवाज़ रिकॉर्ड की.
उन्होने ट्विटर पर लिखा है, सीबीआई की डॉक्यूमेंट्री करते समय मुझे बहुत आश्चर्य हुआ उनकी तकनीकी क्षमता और दक्षता पर. 21 मिनट की इस डॉक्यूमेंट्री में एजेंसी के जांच पड़ताल के जटिल तरीके, फॉरेंसिक और वकीली कार्यवाही को बयां किया गया है.
