गुड़गांव के फोर्टिस अस्पताल में 91 वर्षीय आध्यात्मिक गुरु कृपालुजी महाराज की हालत नाजुक बनी हुई है। सिर की सर्जरी के बाद उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट में जीवन रक्षक उपकरणों के सहारे रखा गया है। उन्हें सोमवार रात इलाहाबाद से गंभीर हालत में यहां लाया गया था।
प्रतापगढ़ [उत्तर प्रदेश] की कुंडा तहसील स्थित मनगढ़ में कृपालुजी महाराज का प्रमुख आश्रम है। रविवार को आश्रम के बाथरूम में गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह अचेत हो गए। उनका इलाज कर रहे न्यूरो सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ राणा पाटिल ने बताया कि कृपालुजी महाराज की इमरजेंसी सर्जरी करनी पड़ी क्योंकि गिरने से उनके सिर में खून जमा हो गया था।
मंगलवार मध्य रात तक चली सर्जरी के बाद उन्हें सघन निगरानी में रखा गया है। उनके सभी प्रमुख अंग काम कर रहे हैं। कृपालुजी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए श्रद्धालु भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। मनगढ़ धाम में संकीर्तन भी किया गया।
.jpg)