नरेंद्र मोदी (नमो) के पोस्टर पर काला रंग डाला जा रहा है। कालिख पोती जा रही है। राजधानी पटना की इस वारदात से भाजपाई भड़क गए हैं। उन्होंने इसके लिए जदयू व राजद को जिम्मेदार बताया है।
भाजपा के वरीय नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा कि 'जो लोग भी ऐसा कर रहे हैं, अगले चुनाव में जनता उनके चेहरे पर कालिख पोत देगी।' भाजपा विधायक नितिन नवीन के अनुसार, 'ऐसा जदयू और राजद के लोग कर रहे हैं।' पटना में कदमकुआं, लोहानीपुर, ललित भवन (बेली रोड) के पास ऐसा हुआ है। विधायक के अनुसार इस बारे में कदमकुआं थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उल्लेखनीय है कि नमो के ये पोस्टर हुंकार रैली के सन्दर्भ में लगाए गए हैं। भाजपा की यह रैली 27 अक्टूबर को होने वाली है। दिलचस्प है कि जो पोस्टर लगे हैं, उसमें सिर्फ नरेंद्र मोदी के चेहरे पर काला रंग डाला गया है। दूसरे नेताओं के चेहरे को छोड़ दिया गया है।
