ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

आडवाणी की यात्रा मार्ग में बम लगाने वाले 2 आतंकवादी गिरफ्तार


आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु पुलिस द्वारा चलाए गए 11 घंटे के संयुक्त अभियान के बाद आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक घर में छिपे दो आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक ये दोनों आतंकी बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी की 2011 में हुई यात्रा के दौरान उनके रास्ते में पाइप बम लगाने के आरोपी हैं. इन पर बीजेपी और संघ परिवार के कुछ अन्य नेताओं की हत्या के आरोप भी हैं. अपुष्ट सूत्रों से मिली खबरों में कहा गया है कि इस ऑपरेशन में तमिलनाडु पुलिस के एक इंस्पेक्टर की गोलीबारी में मौत हो गई है.
तमिलनाडु के डीजीपी के. रामनुजम ने बताया, ‘‘पन्ना इस्माइल और बिलाल मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया है.’’ इसके साथ ही तमिलनाडु पुलिस की अपराध शाखा सीआईडी ने मामले में अब तक चार में से तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया है.
कल गिरफ्तार किये गये फखरद्दीन नामक शख्स की जानकारी पर पुलिस ने तड़के 3 बजे के आसपास यहां से करीब 120 किलोमीटर दूर आंध्र प्रदेश के पुथूर में एक घर को घेर लिया.
पुत्तूर कस्बे के रिहायशी इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया. यह स्थान तिरुपति से 30 किलोमीटर दूर है और तमिलनाडु सीमा से सटा हुआ है.
कमांडो अभियान में घायल एक आतंकवादी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे को तमिलनाडु पुलिस चेन्नई ले गई है. पुलिस के अनुसार संदेह है कि वे दोनों अल-उमर आतंकवादी समूह के बिलाल और मुन्ना हैं.
पुत्तूर के निवासियों के मुताबिक, इन लोगों ने एक महीने पहले किराए पर यह मकान लिया था.
आंध्र प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते के कमांडो ने उस मकान को घेर लिया था, जहां आतंकवादी छिपे हुए थे. पुलिस ने प्रतिरोध कर रहे आतंकवादियों को बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे. अंतत: उन्होंने समर्पण कर दिया.
तमिलनाडु पुलिस शुक्रवार को ही एक खुफिया सूचना के आधार पर कस्बे में तलाशी अभियान चलाने आ गई थी. उसने एक रिवाल्वर और दो बम एक घर से बरामद किए लेकिन आतंकवादियों ने पुलिस पर दूसरे घर से गोली चलाई.
सलेम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता वी.रमेश और तमिलनाडु में अन्य नेताओं की हत्या के मामले में चल रही जांच के दौरान आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी मिली.
इधर, तमिलनाडु पुलिस ने शुक्रवार को फकरुद्दीन को गिरफ्तार किया, जो बीजेपी नेता एल.के.आडवाणी के मदुरई दौरे के वक्त कथित रूप से बम लगाने के मामले में वांछित है.
पुलिस और संदिग्धों के बीच गोलीबारी होने से इलाके में तनाव फैल गया. डीजीपी ने कहा, ‘‘पुलिस को अपने बचाव में गोलीबारी शुरू करनी पड़ी. एक प्रमुख संदिग्ध पन्ना इस्माइल घायल हो गया.’’
पुलिस ने बाद में घर में से मलिक की पत्नी और तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला. दोनों आरोपियों को आगे पूछताछ के लिए एक गुप्त स्थान पर ले जाया गया है. चौथा संदिग्ध अबू बाकिर सिद्दीकी अब भी फरार है.
तीनों प्रमुख संदिग्धों की गिरफ्तारी आगामी 18 अक्तूबर को चेन्नई में बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा से पहले हुई है.
बीजेपी की प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेता आडिटर रमेश और हिंदू मन्नानी के नेता वेलईयप्पन की हत्या की जांच कर रहे सीबी-सीआईडी पुलिस के विशेष जांच विभाग ने हाल ही में मामलों में चारों संदिग्धों को तलाशने के लिए प्रयास तेज कर दिये थे और उनके बारे में जानकारी देने वाले को पांच लाख रुपये के नगद इनाम की घोषणा वाले एक लाख पोस्टर छपवाये थे.
ये चारों 2011 में मदुरै जिले के तिरमंगलम के पास आडवाणी के यात्रा मार्ग में पाइप बम लगाने के सिलसिले में भी वांछित थे.
पुलिस ने कहा कि इन संदिग्ध आतंकवादियों का हाथ हाल ही में तमिलनाडु में बीजेपी और संघ के नेताओं की हत्या में होने का भी संदेह है. उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के आतंकवाद निरोधक संगठन ‘ऑक्टोपस’ बल के दल भी आंध्र और तमिलनाडु पुलिस की मदद के लिए मौके पर पहुंच गये.
पुलिस के मुताबिक एक किलोमीटर के दायरे में पूरे इलाके को घेर लिया गया था ताकि अभियान सुरक्षित तरीके से चलाया जा सके.
तमिलनाडु के इतिहास में संभवत: पहली बार पुलिस ने किसी वांछित के सिर पर पांच-पांच लाख रपये (कुल 20 लाख रुपये) के नगद इनाम की घोषणा के लिए एक लाख पोस्टर छपवाये.
बीजेपी  नेता रमेश और हिंदू नेता वेलईयप्पन की हत्याओं के दोषियों को पकड़ने के लिए मुख्यमंत्री जयललिता के निर्देशों पर विशेष जांच विभाग (एसआईडी) का गठन किया गया था.
जांच के दौरान एसआईडी के दल ने दक्षिण तमिलनाडु के तिरनेलवेली में मेलापलायम के एक घर से 17 किलोग्राम विस्फोटक और 141 बिजली के डिटोनेटर जब्त किये थे. पुलिस ने तब तासिम, कट्टा शाहुल, कुट्टी उर्फ नूरल हमीद, समसू और बिस्मी को गिरफ्तार किया था.
बेंगलूर में बीजेपी के दफ्तर में विस्फोट के मामले में कर्नाटक पुलिस ने पहले ही पीर मोहिदीन, जे बशीर अहमद और सैयद मोहम्मद बुहारी उर्फ किचन बुहारी को गिरफ्तार कर लिया था. ये सभी तमिलनाडु के रहने वाले हैं.