ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

देश भर में धूमधाम से मनाई गई दीपावली

‘दीपों का त्योहार’ दीपावली आज नवगछिया और भागलपुर सहित पूरे देश भर में बहुत उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की और बच्चों ने पटाखे चलाये एवं दोस्तों और पड़ोसियों को मिठाई खिलायी। रंग-बिरंगी रोशनी के बीच खुशनुमा सुबह में जब शहर के लोग जागे तो उनमें नए कपड़े पहनकर मंदिरों में प्रार्थना करने की भावनाएं हिलोरें मार रही थीं। शाम और अल सुबह आसमान में आतिशबाजी करके राज्य में दिवाली सबसे अधिक मनाये जाने वाले त्योहारों में से एक है जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। कल रात से ही कई घरों को तेल के दीयों और व्यापारिक भवनों को बिजली की लड़ियों से सजाया गया है।
बॉलीवुड ने भी मनाई दीवाली

मुंबई: प्रकाशपर्व दीपावली के मौके पर बालीवुड स्टार अमिताभ बच्चन, शाहरूख खान और प्रीति जिंटा ने आज अपने प्रशंसकों को शांतिपूर्ण और समृद्ध दीपावली के लिये शुभकामनायें दी। बिग बी ने माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर लिखा, दीपावली की हार्दिक शुभकामनायें..सबको समृद्धि, सफलता अच्छे स्वास्थ्य के लिये शुभकामनायें। शाहरूख ने कहा, सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनायें। अल्लाह से प्रार्थना है कि आपके सभी सपने और इच्छायें पूरी हो। प्रीति जिंटा ने लिखा, भारत और पूरे विश्व में मेरे सभी प्रशंसकों को दीपावली की हार्दिक बधाई । सुरक्षित रहिये और आपको ढेर सारा प्यार। अक्षय कुमार ने लिखा, दीपावली का प्रकाश हमें इस बात के लिये प्रेरित करता है कि पूरे उत्साह के साथ अपनी चमक बिखेरो। दीपावली की हार्दिक शुभकामनायें।
विदेशों में भी मनाई गई दीवाली
दीपावली का पर्व अकेले भारत में ही धूमधाम से नहीं मनाया जाता बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में दीप पर्व अपनी छटा बिखेरता है। जिन देशों में हिंदुओं और सिखों की बड़ी आबादी है वहां तो रोशनी का जलसा देखते ही बनता है। जानकारी के अनुसार श्रीलंका, म्यामां, थाईलैंड, मलेशिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फिजी, मॉरीशस, केन्या, तंजानिया, दक्षिण अफ्रीका, गुयाना, सूरीनाम, त्रिनिदाद और टोबैगो, नीदरलैंड्स, कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका में दीपावली मनाई गई।