- आज गंगा व अन्य नदियों में व्रती करेंगे स्नान, अंतिम तैयारी में जुटे उपासक
- 20 से 30 रुपए में बिके कद्दू, सड़कों पर खुली अस्थायी दुकानें, जुटी भीड़
सूर्योपासना का पवित्र पर्व चार दिवसीय छठ पूजा शनिवार को नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हो गया । रविवार को खरना होगा तथा सोमवार को छठव्रती भगवान भाष्कर को अस्ताचलगामी अ‌र्घ्य अर्पित करेंगे। छठ पर्व को ले बाजार पूरी तरह सज चुका है। फल से लेकर पूजन सामग्री तक का स्टाक दुकानदारों ने कर लिया है। शनिवार को नहाय खाय को लेकर बाजारों में हर चौक चौराहों पर कद्दू की बिक्री जमकर हुई। बीस रुपए से 30 रुपए पीस तक कद्दू बिके। इसके अलावे अन्य हरी सब्जियों की कीमतों में नरमी देखी गई।


व्यवसायियों की मानें तो छठ पर्व पर एक करोड़ से अधिक के फल व सब्जी का कारोबार होने का अनुमान है। शहर में आंध्र प्रदेश, कोलकाता से भारी मात्रा में नारियल मंगाए गए हैं। वहीं देश के विभिन्न शहरों से सेब, संतरा, केला, नासपाती, अनार एवं ईख को मंगाकर कारोबारियों ने स्टाक कर रखा है। दुकानदारों की माने तो रविवार से बाजार में खरीददारों की भीड़ बढ़ेगी। शहर के मुख्य मार्ग पर तथा केआरके मैदान में फल एवं पूजन सामग्री की दर्जनों अस्थायी दुकानें सज चुकी है। हर तरफ छठ पूजा की तैयारी हो रही है। छठ व्रतियों द्वारा अपने-अपने घरों को साफ-सुथरा कर पर्व की तैयारी में लगे हैं।
शहर में फल एवं अन्य सामानों का भाव
सूप- 60 रुपए पीस
चीनी सांचा- 60 से 70 रुपए किलो
नारियल- 15 से 20 रुपए पीस
सेब- 50 से 100 रुपए किलो
संतरा- 50 से 60 रुपए किलो
ईख- 10 से 15 रुपए पीस
अमरूद- 40 रुपए किलो
केला- 15 से 20 रुपए दर्जन
पानी फल सिंघारा- 30 रुपए किलो