शुक्रवार शाम देश भर के साथ-साथ नवगछिया में भी जगह-जगह लोग रमजान के चांद का दीदार करने को बेताब दिखे। मगर, मौसम की बेरुखी के चलते आसमान पर बादल छाए रहने के मद्देनजर यहां लोगों को चांद नजर नहीं आया। चांद निकलने के बाबत देश के अन्य जगहों से भी संपर्क किया गया लेकिन कहीं से भी चांद देखे जाने की तसदीक नहीं हो पाई। इस बाबत नवगछिया के जामा मस्जिद के इमाम ने बताया कि शुक्रवार शाम कहीं से भी चांद देखे जाने की तसदीक नहीं हो पाने के कारण यहां भी अब शनिवार रात से ही तरावीह की नमाज अदा की जाएगी व अगले दिन रविवार से लोग रोजा रखेंगे।
मुस्लिम धर्मावलंबियों का पवित्र रमजान का महीना माह-ए-रमजान रविवार से शुरू होगा। शनिवार का दिन बीतने के बाद शाम को आसमान साफ रहा तो रमजान का चांद नजर आ जाएगा। शनिवार रात से ही मस्जिदों में तरावीह की नमाज भी शुरू हो जाएगी, जो कि विशेष तौर पर रमजान के महीने के प्रारम्भ में ही पढ़ी जाती है। रविवार से पूरे एक महीने तक लोग रोजा (उपवास) रखेंगे। रमजान के 29वें या 30वें दिन ईद का चांद नजर आने के बाद अगले दिन ईद का त्योहार मनाया जाएगा।