ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर जिले के इन छह प्रखंडों में डिग्री कॉलेज संचालन का रास्ता साफ, इसी सत्र से शुरू होगी पढ़ाई

भागलपुर जिले के इन छह प्रखंडों में डिग्री कॉलेज संचालन का रास्ता साफ, इसी सत्र से शुरू होगी पढ़ाई
राजेश कानोड़िया, भागलपुर। जिले के छह प्रखंडों के लिए बड़ी राहत की खबर है। डिग्री कॉलेज विहीन अब इन क्षेत्रों में डिग्री कॉलेज संचालन का रास्ता साफ बताया जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यालय की ओर से इस संबंध में स्कूलों की सूची जारी कर दी गई है, जहां अस्थायी रूप से डिग्री कॉलेजों का संचालन किया जाएगा। वर्तमान में भागलपुर समेत राज्य भर के 208 डिग्री कॉलेजों को प्रारंभिक तौर पर चिन्हित स्कूल भवनों में चलाया जाएगा।

इन स्कूलों में होगा अस्थायी संचालन
भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय कासिल, पीरपैंती के राजकीय बुनियादी विद्यालय पंचरूखी, गोपालपुर के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लालजी मकंदपुर, इस्माईलपुर के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रामनगर, खरीक के राजकीय बुनियादी विद्यालय खरीक और रंगरा चौक के तेजनारायण उच्च माध्यमिक विद्यालय रंगरा को डिग्री कॉलेज संचालन के लिए चयनित किया गया है। इन सभी डिग्री कॉलेजों की संबद्धता तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से होगी।

2026-30 सत्र से शुरू होगी पढ़ाई
शैक्षणिक सत्र 2026-30 से नए डिग्री कॉलेजों में स्नातक स्तर पर छह विषयों में पढ़ाई शुरू की जाएगी। ये सभी विषय ऐसे होंगे जिनमें प्रयोगात्मक कक्षाओं की आवश्यकता नहीं होगी। इसके बाद अगले सत्र से यानी 1 जुलाई से कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के कुल 16 विषयों की पढ़ाई शुरू करने की योजना है। इनमें से 15 विषयों में दो-दो शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जिससे शिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

बड़े पैमाने पर होगी शिक्षक और कर्मियों की नियुक्ति
राज्य स्तर पर कुल 9,284 शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति प्रस्तावित है। वहीं, भागलपुर जिले के छह नए डिग्री कॉलेजों में कुल 264 पदों पर नियुक्ति होगी। इसमें 192 शिक्षक और 72 शिक्षकेत्तर कर्मी शामिल होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।