नवगछिया: देशभक्ति के साथ साथ राम भक्ति के वातावरण से गुंजायमान हुआ ज्ञान वाटिका का प्रांगण
राजेश कानोडिया, नव-बिहार समाचार, नवगछिया। देश के 75वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर ज्ञान वाटिका विद्यालय, सिंधिया मकन्दपुर (नवगछिया) में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों का मनोरम दृश्य दिखा। राम सिया राम जैसे गीतों के धुन पर बच्चे थिरके। साथ ही साथ रामायण की लघु एकांकी दिखाई गयी। विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने कंधो से मिलते हैं कंधे, मेरे प्यारे वतन जैसे गीतों पर रिकार्डिंग नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा अष्टम के छात्रों ने वीर तान्हा जी के सिंघाद युद्ध का बेहतरीन नाट्य रुपांतरण किया। कक्षा सप्तम के छात्र- छात्राओं ने 'हम पंछी उन मुक्त गगन के' कविता का सुंदर लय-ताल में पाठ किया। सबसे अधिक विद्यालय के छात्राओं की प्रतिभागिता देखने लायक थी। भारत की बेटी, जैसी करनी वैसी भरनी, तिरंगा ऊंचा रहेगा जैसे गानों पर बालिकाओं ने जमकर तालियां बटोरी।
कार्यक्रम के दौरान पुलवामा हमले का जीवंत दृश्य गीत-संगीत के माध्यम से परोसा गया जिसे देखकर श्रोताओं के आंख में आंसू आ गये। कक्षा पंचम की छात्राओं के द्वारा की गयी लोकनृत्य की प्रस्तुती भी काबिले तारीफ थी। ज्ञान वाटिका किड्स प्ले के नन्हे-मुन्नों के द्वारा' नानी तेरी मोरनी', ट्विंकल-2,तितली उड़ी, रिंगा, रिंगा रोजेज जैसे गीतों पर रिकार्डिंग नृत्य अदभुत् था। कक्षा सप्तम के आर्यन और स्नेहा उदघोषक रहे। मंच संचालन नीलेश जी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय प्राचार्य राजेश कुमार झा ने सबों को गणतंत्र दिवस की महत्ता से रु-ब-रु करवाया। कार्यक्रम के क्रम में गणतंत्र दिवस पर अंग्रेजी व हिन्दी में भाषण भी दिये गये। कार्यक्रम में गोसाईं गांव ग्राम पंचायत के सरपंच विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद थे।उक्त मौके पर जवाहर नवोदय विद्यालय कोलासी कटिहार के वर्तमान प्राचार्य ब्रजेश कु यादव जी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।