ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया के जगतपुर में देर रात अपराधियों ने की एक युवक की गोली मारकर हत्या

नवगछिया के जगतपुर में देर रात अपराधियों ने की एक युवक की गोली मारकर हत्या
परवत्ता थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव से जपतैली गांव जाने वाले रास्ते पर एक बासा के पास मंगलवार की देर  रात अज्ञात अपराधियों ने गांव के ही जयकृष्ण यादव के पुत्र सुजीत कुमार यादव (23) की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आधा घंटा तक विक्रमशिला सेतु पथ को जगतपुर गांव के पास जाम कर दिया. सूचना मिलते ही एसडीपीओ दिलीप कुमार नवगछिया सर्किल के सभी थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा कर जाम हटवाया. एसडीपीओ ने हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया. युवक को अपराधियों ने एक गोली सीने में और एक गोली कनपटी में मारी. सूचना पर जब परवत्ता थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची, तो युवक कराह रहा था. उसे पुलिस वाहन से ही अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. सुजीत के परिजन हत्या के संबंध में कुछ भी नहीं बता रहे हैं. भाई अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर जबतक वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस शव उठा चुकी थी. भाभी कल्पना देवी ने बताया कि सुजीत अक्सर अपने बासा पर ही रहता था और वहां मवेशियों की देखभाल करता था. मंगलवार को वह घर भी नहीं आया था. रात का खाना खाने वह घर आने वाला था. हत्या क्यों की गयी, वह इसका कारण नहीं बता पायी. शव का पोस्टमार्टम बुधवार को सुबह कराया जायेगा. फिलहाल अनुमंडल अस्पताल में ही शव रखा गया है. परवत्ता के धनाध्यक्ष रामचंद्र यादव ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है.

चार भाइयों में सबसे छोटा था सुजीत: सुजीत अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था. उसके तीन भाई राहुल कुमार, रोहित कुमार, अजीत कुमार घटना से गहरे सदमे में हैं. देर रात तक सभी अनुमंडल अस्पताल पहुंच चुके थे. परिजन रो-रो कर बेहाल थे.