बदलाव की बयार में बह गये नवगछिया के भी आठ मुखिया, दो ही बचा सके अपनी कुर्सी
राजेश कानोडिया, भागलपुर। बिहार में इन दिनों चल रहे पंचायत चुनाव के दौरान अधिकांश जगहों पर जहां बदलाव की बयार चल रही दिखाई दे रही है। वहीं भागलपुर जिले के नवगछिया प्रखंड के पंचायत चुनाव की 13 नवंबर को हुई मतगणना के दौरान यहां भी दस में से आठ मुखिया इस बदलाव की बयार में बह गए। सिर्फ दो मुखिया ही अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रह पाये। जिनमें से पहली कुर्सी जगतपुर की महिला मुखिया सोनी भारती ने बचाने में कामयाबी हासिल कर ली। तो वहीं दूसरी कुर्सी नगरह के मुखिया भरत लाल पासवान ने बचाते हुए हैट्रिक यानि कि तीसरी बार अपनी जीत दर्ज करा ली।
इधर बदलाव की चुनावी बयार में पकरा की मुखिया कदम देवी को मात्र छह वोट से हार का मुंह देखना पड़ा। कदवा दियारा के मुखिया अशोक सिंह को भी मात्र 17 वोट से हार का सामना करना पड़ा। जबकि पुनामा प्रतापनगर की मुखिया नीलम देवी को 88 वोट की चोट लगी है। वहीं ढोलबज्जा के मुखिया राजकुमार उर्फ मुन्ना मंडल को 250 वोट से हार का मुंह देखना पड़ा। साथ ही खैरपुर कदवा के मुखिया अजय कुमार को 441 और खगड़ा की मुखिया नीतू देवी को 586 वोट की बयार ने हरा दिया। उधर तेतरी के मुखिया रविन्द्र दास को 1297 वोट और यमुनिया के मुखिया शाहिद बैठा को 1440 वोट की बयार ने हार का मुंह दिखा दिया।