ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार कोरोना अपडेट: जंग जीती 14 ने तो एक हारा


नव-बिहार समाचार। बिहार में कोरोना का संक्रमण थम नहीं रहा बल्कि लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही एक अपनी जिंदगी से हार भी गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी नियमित अपडेट के मुताबिक बिहार में पिछले 24 घंटे के अंदर 60 नए मरीज सामने आए हैं। भोजपुर में 3 नए पॉजिटिव केस मिलने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही अब आरा में कुल 15 पॉजिटिव केस हो गए हैं। भोजपुर में बस एक ही मरीज अब तक ठीक हो पाया है। इसके साथ ही अब जिले में कुल 14 केस एक्टिव हैं। हालांकि बिहार में एक दिन में 14 मरीजों ने कोरोना को मात देकर नई जिंदगी पाई है। इसके साथ ही सूबे में स्वस्थ होनेवाले मरीजों का आंकड़ा 98 हो गया है। शुक्रवार को पटना एनएमसीएच में एक मरीज की मौत हो गई है, जिसके कारण कोरोना से मरनेवालों की संख्या तीन हो गई है।


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक सबसे ज्यादा एनएमसीएच में 55 मरीज स्वस्थ हुए हैं। एम्स में 1, जेएलएनएमसीएच में 7, एएनएमसीएच में 2, सिवान डीएएमसीएच में 13, गोपालगंज सदर हॉस्पिटल में 2, छपरा सदर अस्पताल में 1, नवादा सदर हॉस्पिटल में 2, एएमएसएस बेगूसराय में 4 और नालंदा आइसोलेशन सेंटर में 11 मरीज स्वस्थ हुए हैं।उधर, पटना के एनएमसीएच में मोतिहारी के रहने वाले 54 साल के एक बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि यह मरीज पहले से ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। मुंबई के टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। बता दें कि इससे पहले मुंगेर और वैशाली के रहने वाले एक.एक मरीजों की मौत हो चुकी है। ये दोनों भी गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। मुंगेर का मरीज जहां किडनी की बीमारी से ग्रस्त था तो वैशाली के मरीज को ब्रेन ट्यूमर था।


बिहार में फिलहाल 368 केस एक्टिव हैं, जिन्हें आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। डॉक्टर उनकी इलाज कर रहे हैं। सूबे के तीन कोविड डेडिकेटेड हॉस्पिटल एनएमसीएच, एएनएमसीएच और जेएलएनएमसीएच में 88 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में 305 क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं, जहां 2156 लोगों को क्वारेंटाइन किया गया है। कोरोना का संक्रमण बिहार के 30 जिलों में फैल चुका है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बुधवार को बताया था कि राज्य के 26 जिलों में 87 कंटेनमेंट जोन नोट किए गए हैं। तक़रीबन 22 लाख 63 हजार की आबादी इसके दायरे में है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सूबे में डोर-टू-डोर सर्वे किया जा रहा है। बिहार में 75 लाख 72 हजार घरों का सर्वे किया जा चुका है, जिसमें 4 करोड़ 10 लाख लोगों का सर्वे किया गया है। इनमें 3180 ऐसे व्यक्ति चिन्हित किये गए हैं, जिन्हें बुखार खांसी और सांस लेने में तकलीफ है।