ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नई व्यवस्था: नवगछिया जेल में बंद लोगों से उनके परिजन कर सकेंगे ई-मुलाकात


नवगछिया (भागलपुर)। अनुमंडल कारा नवगछिया में बंद कैदियों और बंदियों के परिजनों की समस्याओं को देखते हुए अनुमंडल कारा प्रशासन ने भी भागलपुर के तीनों जेल के प्रबंधन की तरह ही तरीका निकाला है। अब यहां भी जेल में बंद कैदियों और बंदियों से वीडियो कॉल के जरिये लोगों को संपर्क कराया जाएगा।

लॉकडाउन लागू होते ही राज्य के सभी जेलों में बंदियों को कोरोना वायरस के संक्रमण बचाव के लिये एहतियातन कई नयी व्यवस्था लागू कर दी गयी थी। इसमें से एक व्यवस्था यह थी कि स्थिति सामान्य होने तक जेल में बंद अपने परिजनों से मिलने वाले मुलाकातियों पर पूर्णतः रोक लगा दी गयी थी। उक्त व्यवस्था लागू किये जाने के बाद परिजनों को कैदियों और बंदियों से पूरी तरह से संपर्क खत्म हो गया था। अब यह नई व्यवस्था इस परेशानी को दूर करने में मददगार साबित होगी।

इस व्यवस्था से परिजन घर बैठे ही अपने एंड्रायड मोबाइल से एक एप को डाउनलोड कर जेल में बंद अपने लोगों से ई-संपर्क कर सकेंगे। संपर्क करने के समय और बात करने की अवधि का भी निर्धारण कर लिया गया है। इस व्यवस्था से लोगों को जेलों तक नहीं आना होगा और घर बैठे ही अपने लोगों से संपर्क किया जा सकेगा। इसके लिये कारा निदेशालय से मंजूरी ले ली गयी है। इसके लिये प्रतिनियुक्त किये गये प्रोग्रामर का संपर्क नंबर 8709825206 जारी करते हुए बताया गया कि लोग उक्त प्रोग्रामरके मोबाइल पर संपर्क कर उनसे एप को डाउनलोड करने की प्रक्रिया जान सकेंगे और उसके इस्तेमाल की भी प्रक्रिया का पता लगा सकेंगे। इसके लिये हर रोज सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक के समय का निर्धारण किया गया है।