नव-बिहार समाचार, भागलपुर। पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत बिहपुर प्रखंड के दो गांवों के एक पुरुष और एक महिला को कोरोना संदिग्ध मानते हुए मंगलवार को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में जांच के लिए सैंपल लिया गया था। जिसकी बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में पुरुष की जांच रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आई, जबकि हरियो महेशपुर की युवती की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।
सूत्रों के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव युवती चार दिन पूर्व सर्दी का इलाज कराने बिहपुर पीएचसी गई थी। डॉक्टरों ने इलाज के बारे में पूछताछ शुरू की तो वह वहां से चली गई। इसके बाद वह बिहपुर में एक निजी चिकित्सक के पास गई। वहां से निजी वाहन से भागलपुर मायागंज अस्पताल गई। वहां से भी बिना जांच कराए ही गांव लौट आई। इसकी सूचना मिलने पर 20 अप्रैल को बिहपुर पीएचसी से डाक्टरों की टीम जांच के लिए उसके घर पहुंची। लेकिन, युवती ने जांच के साथ-साथ कुछ भी बताने से मना कर दिया तो टीम लौट आई।
दूसरे दिन टीम एंबुलेंस लेकर पहुंची और उस महिला को जांच के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा। वहां जांच के लिए सैंपल लेने के बाद घर भेज दिया गया। बुधवार को जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर महिला को लाने के लिए एंबुलेंस उसके घर फिर पहुंची। महिला इलाज के लिए जाने को तैयार नहीं थी। पुलिस बल के आने पर युवती को भागलपुर ले जाया गया।