ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार में संक्रमितों की संख्या 251 पहुंची, अरवल बना 21वां संक्रमित जिला


नव-बिहार समाचार। बिहार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को भी पटना समेत 10 जिलों में 28 संदिग्ध लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से कुल संक्रमित लोगों की संख्या 251 हो गई है। सबसे अधिक 7 पॉजिटिव केस पटना में मिले। हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित रायपुर में भी 4 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इस तरह पटना में कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 33 हो गई है। वहीं, मुंगेर के जमालपुर में एक बच्ची और दो महिला पॉजिटिव मिली हैं। तीनों की उम्र 8, 21 व 22 वर्ष है। राज्य के सबसे प्रभावित जिला मुंगेर में कुल मरीजों की संख्या अब 65 हो गई है। 

उधर, मुंगेर चेन से जुड़ी एक महिला लखीसराय के रामगढ़ चौक प्रखंड की मिली है। वह बीमार थी, पहले उसने अपना इलाज वहीं पर एक स्थानीय डॉक्टर से कराया पर जब ठीक नहीं हुई तो पटना चली गई और एनएमसीएच में भर्ती हुई। वहीं पर उसका इलाज चल रहा था। ठीक होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वह गाड़ी से अपने घर रवाना हो गई। कुछ देर बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया और उसे वापस बुलाकर फिर से एनएमसीएच में भर्ती कराया। इसके अलावा कैमूर में 6, बक्सर में 5, रोहतास में 2, अरवल, भोजपुर, गया और सारण के एक-एक पॉजिटिव मिले। 

अब तक बक्सर में 25, कैमूर में 14, रोहतास में 9, भोजपुर में 2 और सारण में मरीजों की संख्या 3 हो गई है। संक्रमण के फैलाव वाले जिलों में अरवल भी जुड़ गया है। उधर, नाथनगर के वार्ड-3 स्थित बेंगावाड़ी में टीम सर्वे के लिए पहुंची तो पार्षद गुलाम सरवर व उनके समर्थकों ने टीम को सहयोग नहीं किया। सभी ने बिना सर्वे करवाए ही रजिस्टर में गलत जानकारी भरवा दी।