भागलपुर। आगामी आठ फरवरी को व्यवहार न्यायालय परिसर में लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पक्षकारों को नोटिस भेजे जाने का सिलसिला जारी है। अब तक दस हजार से अधिक पक्षकारों को नोटिस भेजा जा चुका है। इनमें बैंक लोन, बिजली बिल, निगम से जुड़ी समस्या, मोटर वाहन दुर्घटना दावा वाद, वैवाहिक विवाद, लंबे समय से लंबित चले आ रहे शमनीय आपराधिक और दीवानी मुकदमे शामिल हैं।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि भागलपुर, नवगछिया और कहलगांव में लगाई जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर बेंच गठन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। न्यायिक पदाधिकारियों के अलावा अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बेंच में रखा गया है। राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर लगभग तैयारियां पूरी कर ली गई।